ट्रंप की ईरान को चेतावनी: खामनेई को मारना नहीं चाहते पर मेरा धैर्य खत्म हो रहा है
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई को तत्काल बगैर शर्त समर्पण करने की चेतावनी दी है। प्रेसिडेंट ट्रम्प ने कहा कि हम खामनेई को मारना नहीं चाहते, लेकिन मेरा धैर्य खत्म हो रहा है।
-बिना शर्त समर्पण करे ईरान, हमें मालूम है कि खामनेई कहां छिपा बैठा है
राष्ट्रपति ट्रम्प ने यह चेतावनी तब जारी की है जब उन्होंने हाल ही में कहा था कि ईरान में कुछ बड़ा होने वाला है। ट्रम्प की इस चेतावनी के मायने इस रूप में भी समझे जा सकते हैं कि वे कनाडा में चल रही जी-7 की बैठक को बीच में ही छोड़कर अमेरिका लौट आए हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने ताजा बयान में कहा है कि ईरान बिना शर्त समर्पण करे। हम इस्लामिक गणराज्य के सर्वोच्च नेता को मारना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि हमें मालूम है कि अयातुल्ला अली खामनेई कहां छिपा बैठा है। ईरान के आसमान पर हमारा कब्जा है। ईरान का एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि ईरान को यह नहीं भूलना चाहिए कि अमेरिकी हथियारों के सामने ईरान के हथियार कुछ भी नहीं हैं।।
इससे पहले ट्रंप ने खामेनेई को चेतावनी दी थी कि अगर ईरान ने अमेरिकी सैनिकों पर हमला किया तो अमेरिका कड़ी प्रतिक्रिया देगा। ट्रंप तेहरान के लोगों से भी कह चुके हैं कि वे शहर छोड़ दें। इससे माना जा रहा है कि अमेरिका इजराइल-ईरान की जंग में सीधे तौर पर उतर सकता है।