बरेली जिले में साइबर और दस्तावेज फर्जीवाड़े से जुड़े दो बड़े गैंग बेनकाब

बरेली। साइबर अपराध और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले दो अंतर्राज्यीय गिरोहों पर बरेली पुलिस ने करारी चोट की है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई दो कार्रवाइयों में एक ओर जहां नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले पांच साइबर अपराधी पकड़े गए, वहीं दूसरी ओर फर्जी प्रमाणपत्र बनाने वाले गैंग के सरगना समेत दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।

May 31, 2025 - 14:14
 0
बरेली जिले में साइबर और दस्तावेज फर्जीवाड़े से जुड़े दो बड़े गैंग बेनकाब
बरेली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये साइबर अपराधी।

-नौकरी के नाम पर ठगी और फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोहों पर पुलिस की दोहरी कार्रवाई

नौकरी का लालच देकर साइबर ठगी, पांच गिरफ्तार

थाना साइबर क्राइम बरेली की टीम ने शनिवार को पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी बैंक खाते खुलवाते और नेट बैंकिंग चालू कर ठगी को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में आकिब कौसर, कासिम, हसीन खान, महफूज उर्फ लक्की और आमिर शामिल हैं। इनके पास से तीन चेक बुक, तीन एटीएम कार्ड, चार सिम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक के मुताबिक यह गिरोह दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब जैसे राज्यों में फैला है और एजेंटों के माध्यम से गरीबों व जरूरतमंदों से बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी करता है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

फर्जी सर्टिफिकेट फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

बरेली की भोजीपुरा पुलिस की गिरफ्त में फर्जी दस्तावेज करने वाले अपराधी। 

थाना भोजीपुरा पुलिस और एसओजी टीम ने एक दूसरे मामले में शुक्रवार को फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। मुख्य आरोपी मोहम्मद फहीम उर्फ गुड्डू और जिया उल मुस्तफा को गिरफ्तार किया गया है।
यह गिरोह आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, मार्कशीट, पैन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और स्टाम्प पेपर जैसे दस्तावेज बनाकर जनता को ठगता था।

पुलिस ने इनके पास से लैपटॉप, पीवीसी कार्ड मशीन, प्रिंटर, स्कैनर, फिंगरप्रिंट डिवाइस, थम स्कैनर और दर्जनों फर्जी प्रमाणपत्र बरामद किए हैं। जांच में पता चला है कि एक फर्जी वेबसाइट के जरिए 500 से अधिक दस्तावेज बनाए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस की सतर्कता से दो सक्रिय गैंग धराए

दोनों मामलों में साइबर व दस्तावेज फर्जीवाड़े की जड़ें कई राज्यों तक फैली हैं और पुलिस के अनुसार इनसे जुड़े कई और नाम जल्द उजागर हो सकते हैं। आईटी एक्सपर्ट और तकनीकी टीम इन गैंगों के डिजिटल नेटवर्क की जांच में जुटी है।

SP_Singh AURGURU Editor