शाहगंज फायरिंग केस में लूट-डकैती से फायरिंग तक लंबे आपराधिक इतिहास वाले दो बदमाश शिकंजे में

आगरा के थाना शाहगंज पुलिस ने फायरिंग मामले में वांछित दो शातिर अपराधियों सारिक और सैय्यद अनस अली को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से तमंचे, जिंदा कारतूस और स्कूटी बरामद हुई। दोनों का आपराधिक इतिहास लंबा और गंभीर है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।

Jan 25, 2026 - 17:38
 0
शाहगंज फायरिंग केस में लूट-डकैती से फायरिंग तक लंबे आपराधिक इतिहास वाले दो बदमाश शिकंजे में
पुलिस की गिरफ्त में अनस और सारिक।

तमंचे, जिंदा कारतूस और स्कूटी बरामद, दोनों आरोपियों पर दर्ज हैं कई संगीन मुकदमे

आगरा। आगरा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए थाना शाहगंज क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। फायरिंग के एक मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे दो शातिर आरोपियों सारिक और सैय्यद अनस अली को पुलिस ने अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से दो तमंचे, जिंदा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देश और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने एक व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी, जिसके बाद से वे फरार चल रहे थे।

12 जनवरी की घटना से खुला राज

शाहगंज इंस्पेक्टर वीरेश गिरी ने बताया कि 12 जनवरी 2026 को दर्ज एक मुकदमे में फायरिंग का आरोप सामने आया था। विवेचना के दौरान सारिक और अनस अली के नाम प्रकाश में आए, जिसके बाद पुलिस ने लगातार दबिश देकर आखिरकार दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

हथियारों का जखीरा बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर मय दो जिंदा कारतूस, एक तमंचा .32 बोर मय एक जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।

लंबा आपराधिक इतिहास

जांच में सामने आया है कि आरोपी सैय्यद अनस अली का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे कई मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। वर्ष 2014 से 2026 तक उसके खिलाफ लगातार आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मुकदमे सामने आते रहे हैं।

वहीं सारिक भी किसी से कम नहीं है। उसके खिलाफ भी लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय थे और क्षेत्र में दहशत का कारण बने हुए थे।

पुलिस टीम की सतर्कता लाई रंग

यह पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक विरेश पाल गिरि के नेतृत्व में अंजाम दी गई। पुलिस टीम ने लगातार निगरानी और रणनीतिक कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।