एयरफोर्स में नौकरी दिलाने के नाम पर मौसा ने ऐंठे 4.11 लाख, चेक बाउंस होने पर दर्ज हुआ मुकदमा

आगरा। एयरफोर्स में नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक युवक से उसके ही रिश्तेदार ने चार लाख से अधिक की रकम ऐंठ ली। जब नौकरी नहीं लगी और रुपये वापस मांगे गए तो आरोपी मौसा ने आधी रकम का चेक थमा दिया, जो बाद में बाउंस हो गया। पीड़ित युवक ने थाना शाहगंज में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Jul 7, 2025 - 18:21
 0
एयरफोर्स में नौकरी दिलाने के नाम पर मौसा ने ऐंठे 4.11 लाख, चेक बाउंस होने पर दर्ज हुआ मुकदमा

यह मामला शाहगंज के कछपुरा निवासी श्लोक से जुड़ा है, जो 12वीं के बाद एयरफोर्स में भर्ती की तैयारी कर रहा था। श्लोक के अनुसार, उसके मौसा ने खुद को एयरफोर्स ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट में कार्यरत बताकर भरोसे में लिया और एयरफोर्स में नौकरी दिलवाने का झांसा दिया। मौसा ने नौकरी के बदले 10 लाख रुपये खर्च होने की बात कही, जिस पर श्लोक के परिवार ने सहमति दे दी।

श्लोक के परिवार ने 25 नवंबर 2024 तक कुल ₹4.11 लाख रुपये मौसा को कई किश्तों में दे दिए, लेकिन इसके बाद भी कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हुई। जब परिवार ने पैसे वापस मांगे तो मौसा लगातार टालमटोल करता रहा। जब दबाव बढ़ा तो उसने 2.20 लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में बाउंस हो गया।

इसके बाद पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की, जिनके आदेश पर थाना शाहगंज पुलिस ने आरोपी मौसा के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।

SP_Singh AURGURU Editor