अंडर-16 फुटबाल टूर्नामेंटः बीसी राय ट्रॉफी पर यूपी का कब्ज़ा: फाइनल में असम को 3-0 से हराया
बालाघाट (मध्य प्रदेश)। अखिल भारतीय बीसी राय ट्रॉफी अंडर-16 फुटबाल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उत्तर प्रदेश के नाम रहा। खिताबी मुकाबले में यूपी की टीम ने असम को 3-0 से करारी शिकस्त दी और बीसी राय ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। इस शानदार जीत के साथ ही कोच इरफान जमां खान ने जीत की हैट्रिक पूरी की और टीम मैनेजर एम.एस. बेग के नेतृत्व में दूसरी बार ट्रॉफी यूपी की झोली में आ गई।
-कोच जमां खान की जीत की हैट्रिक, टीम मैनेजर एमएस बेग के नेतृत्व में दूसरी ट्राफी आई
तेज तर्रार शुभम जोशी और आसिफ ने दिलाई फतह
बालाघाट के मैदान पर हुए इस खिताबी मुकाबले में उत्तर प्रदेश की ओर से शुभम जोशी ने दो गोल दागे जबकि तीसरा गोल आसिफ ने किया। पूरे मैच के दौरान यूपी की टीम ने मैदान पर दबदबा बनाए रखा और असम की टीम एक भी गोल नहीं कर सकी। असम के डिफेंडर्स को यूपी के फॉरवर्ड्स ने हर समय दबाव में रखा।
बारिश बनी बाधा, लेकिन नहीं रुकी यूपी की रफ्तार
टूर्नामेंट के दौरान बालाघाट में बारिश के चलते कई मुकाबले बाधित रहे, बावजूद इसके यूपी की टीम ने हर मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल में मेज़बान मध्यप्रदेश को हराकर यूपी ने फाइनल में प्रवेश किया था, जबकि असम ने बिहार को मात दी थी।
मैच समाप्त होते ही उत्तर प्रदेश की टीम रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो गई, क्योंकि खिलाड़ियों को अगले दिन सुबह तक वाराणसी पहुंचना था।
कोच जमां खान की जीत की हैट्रिक, उत्तर प्रदेश के लिए स्वर्णिम पल
उत्तर प्रदेश के कोच इरफान जमां खान इससे पहले भी भुवनेश्वर और पंजाब में बीसी राय ट्रॉफी जिता चुके हैं। बालाघाट में यह तीसरी जीत उनके कोच रहते दर्ज हुई, जो कि एक शानदार उपलब्धि है। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की जूनियर फुटबाल टीम लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है।
टीम मैनेजर एम.एस. बेग की दूसरी ट्रॉफी, बोले– खिलाड़ी बेहतरीन खेले
टीम मैनेजर मिर्जा शमीम बेग का यह दूसरा विजयी अभियान रहा। इससे पहले भुवनेश्वर में यूपी टीम उनकी मैनेजरी में चैंपियन बनी थी। बेग राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि हमारी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित और संगठित खेल दिखाया, जिसका नतीजा आज सबके सामने है। टीम के साथ सह-कोच रामचंद्र भी मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों को लगातार रणनीतिक दिशा दी।
उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ा
इस बार बीसी राय ट्रॉफी में देश के 16 राज्यों की टीमें शामिल हुईं। इन सभी के बीच उत्तर प्रदेश की टीम का विजेता बनना न केवल फुटबॉल प्रेमियों के लिए बल्कि राज्य के खेल इतिहास के लिए भी गौरव की बात है।