बांग्लादेश में हिंदू व्यापारी की हत्या पर बवाल

ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हिंदू कबाड़ व्यापारी लाल चंद सोहाग की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद देशभर में गुस्से की लहर दौड़ गई है। यह हत्या ऐसे समय पर हुई है, जब देश की अंतरिम सरकार पर अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते रहे हैं।

Jul 13, 2025 - 19:37
 0
बांग्लादेश में हिंदू व्यापारी की हत्या पर बवाल

पुराने ढाका के मिटफोर्ड अस्पताल के सामने जबरन वसूली करने वाले कुछ लोगों ने लाल चंद को घेर लिया और कंक्रीट के स्लैब से उन्हें बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वायरल वीडियो में हमलावरों को उनके शव पर नाचते हुए भी देखा गया, जिससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया।

घटना के खिलाफ ढाका के कई विश्वविद्यालयों के छात्रों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। बीआरएसी यूनिवर्सिटी, ईस्ट वेस्ट यूनिवर्सिटी, एनएसयू और सरकारी ईडन कॉलेज के छात्रों ने रैली निकाली, जबकि ढाका विश्वविद्यालय और जगन्नाथ विश्वविद्यालय में वीडियो वायरल होते ही प्रदर्शन शुरू हो गया। छात्रों ने सरकार से पूछा- 'जब जबरन वसूली करने वाले खुलकर हिंसा कर रहे हैं, तो अंतरिम सरकार क्या कर रही है?'

ढाका पुलिस ने हत्या के मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो के पास अवैध हथियार भी मिले हैं। लाल चंद की बहन मंजुआरा बेगम (42) ने कोतवाली थाने में हत्या का केस दर्ज किया है, जिसमें 19 नामजद आरोपियों के साथ-साथ 15–20 अज्ञात हमलावरों को भी आरोपी बनाया गया है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस की डिटेक्टिव ब्रांच ने रविवार तड़के नेट्रोकोना जिले में छापा मारकर दो भाइयों सजीब और राजीब को गिरफ्तार किया, जिससे गिरफ्तार कि गए लोगों की संख्या 7 हो गई।

प्रथम अलो अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर लाल चंद की हत्या का संदेह है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि लाल चंद पहले इसी संगठन के सदस्य रह चुके थे। बीएलपी ने सफाई देते हुए कहा कि लिंचिंग में शामिल चार कार्यकर्ताओं को तत्काल पार्टी से निकाल दिया गया है।