यूपी की बेटियां केरल को 2-1 से हराकर बनीं सब-जूनियर गर्ल्स फुटबॉल की राष्ट्रीय चैंपियन

नरायनपुर (छत्तीसगढ़)। खेल मैदान में जोश, जज़्बा और जुनून जब मिल जाए तो इतिहास बनता है। ऐसा ही करिश्मा किया उत्तर प्रदेश की सब-जूनियर गर्ल्स फुटबॉल टीम ने, जिसने केरल जैसी मजबूत टीम को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराकर राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

Sep 3, 2025 - 12:27
 0
यूपी की बेटियां केरल को 2-1 से हराकर बनीं सब-जूनियर गर्ल्स फुटबॉल की राष्ट्रीय चैंपियन
सब-जूनियर गर्ल्स फुटबॊल चैंपियनशिप के लिए बुधवार सुबह छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में हुए मुकाबले में केरल को हराकर राष्ट्रीय चैंपियन बनीं यूपी की बेटियां ट्राफी प्राप्त करते हुए। दूसरे चित्र में ट्राफी के साथ पूरी टीम और और टीम के अधिकारी। 

रामकृष्ण मिशन आश्रम, नरायनपुर के मैदान पर बुधवार सुबह खेले गए खिताबी मुकाबले में दोनों ही टीमें दमखम के साथ उतरीं। पहला हाफ बेहद रोमांचक रहा, लेकिन कोई भी टीम गोल न कर सकी।

पेनाल्टी ने बदला खेल का पासा

दूसरे हाफ में खेल का रंग बदल गया। 52वें मिनट में पेनाल्टी एरिया में केरल की खिलाड़ी के हाथ से बॉल लगने पर यूपी को पेनाल्टी किक मिली। मौके का भरपूर फायदा उठाते हुए यूपी की खिलाड़ी ने गोल दाग दिया और टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
इसके बाद 65वें मिनट में यूपी ने एक और शानदार गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। हालांकि 66वें मिनट में केरल ने वापसी करते हुए गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। इसके बाद दोनों ही टीमों ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन यूपी की लड़कियों ने दीवार बनकर अपने गोलपोस्ट की रक्षा की और आखिर तक जीत का झंडा बुलंद रखा।

जीत की खुशी और जश्न

मैच समाप्त होते ही यूपी की बेटियों, उनके कोच और टीम मैनेजर की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दर्शकों के बीच तालियों की गूंज और खिलाड़ियों की मुस्कान ने इस जीत को और भी यादगार बना दिया। इस तरह सब-जूनियर स्तर पर यूपी की बालक और बालिका दोनों टीमें राष्ट्रीय चैम्पियन बनकर पूरे देश में अपना लोहा मनवा चुकी हैं।

आगरा से शुरू हुई चैंपियन यात्रा

इस विजेता टीम का सलेक्शन और कोचिंग कैंप आगरा के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित हुआ था। यहीं से तैयार होकर यह टीम छत्तीसगढ़ रवाना हुई थी। अब आगरा के खेल इतिहास में भी यह उपलब्धि सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गई है।

विजेता टीम की बहादुर खिलाड़ी

टीम में शामिल खिलाड़ी हैं— नेहा, राधिका, वर्षा, नीति, शमा परवीन, कविका, गरिमा, रितिका, रूपा राजभर, जिया राव, सोनिया पटेल, जन्नत, कीर्ति राय, प्रिया मेहरा, जेसिका, संगीता, रितु कन्नौजिया, ज्योति, सुनैना और अंशिका पटेल।

बधाई देने वालों की कतार

इस ऐतिहासिक जीत पर उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के महासचिव मु. शाहिद, आगरा फुटबॉल अध्यक्ष बिल्लू चौहान, जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष हरी सिंह यादव, फुटबॉल प्रशिक्षक एवं पूर्व जिला क्रीड़ाधिकारी एस. एस. चौहान, पूर्व नेशनल फुटबॉलर एम. एस. बेग, कोच एवं सलेक्टर पूजा भट्ट, कोच योगेश कुमार ने टीम को बधाई दी है। साथ ही टीम के कोच रवि कुमार पूनिया, टीम मैनेजर उर्वशी सिकरवार, सहायक प्रशिक्षक श्रद्धा सोनकर और फिजियो मोनिका चौधरी को भी विशेष तौर पर सराहा है।

SP_Singh AURGURU Editor