उटंगन नदी त्रासदी: 12 बेटों की याद में झुके शहर, लोधी महासभा और लक्ष्य संस्था ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
आगरा में खेरागढ़ क्षेत्र की उटंगन नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे ब्रज क्षेत्र को शोक में डुबो दिया था। शनिवार को लोधी महासभा आगरा और लक्ष्य संस्था ने उन 12 दिवंगत युवकों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। अश्रुपूरित वातावरण में जहां परिजनों को सांत्वना दी गई, वहीं समाज ने यह संकल्प दोहराया कि किसी परिवार को अब अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
आगरा। खेरागढ़ क्षेत्र के खुशियापुर गांव में उटंगन नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान 12 युवकों की डूबकर हुई मौत की त्रासदी की यादें आज भी लोगों के दिलों में ताजा हैं। इस दर्द को साझा करने के लिए लोधी महासभा आगरा और लक्ष्य संस्था के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्वलित कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए मौन रखा और परिजनों को सहयोग का भरोसा दिलाया।
शासन से मिली आर्थिक मदद, समाज भी आगे आया
श्रद्धांजलि सभा में खेरागढ़ नगर पंचायत के चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने बताया कि शासन द्वारा प्रत्येक मृतक आश्रित के बैंक खाते में चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह समय समाज की संवेदनशीलता की परीक्षा है और हर व्यक्ति को इन परिवारों के साथ खड़ा रहना चाहिए।
उन्होंने आगे बताया कि समाज का प्रतिनिधिमंडल अब सरकार से मुलाकात कर इन परिवारों के लिए रोजगार और शिक्षा से जुड़ी दीर्घकालिक सहायता योजनाएं लागू कराने की मांग करेगा।
समाज की एकजुटता बनी संबल
लोधी क्षत्रिय एंप्लाइज एसोसिएशन लक्ष्य आगरा के जिलाध्यक्ष इंजीनियर किशोरी सिंह ने कहा कि दुर्गा व गणपति विसर्जन, कांवड़ यात्रा आदि के दौरान अनेक घटनाएं प्रतिवर्ष होती हैं। हमको इनसे सीख लेते हुए अपने परिवारों तथा अपने लोगों के बीच श्रद्धा भाव से पूजा अर्चना करनी चाहिए।
हीराश्री हॉस्पिटल के अध्यक्ष एचएल राजपूत की ओर से पीड़ित परिवारों के लिए हमेशा किसी भी बीमारी के संबंध में परिवार के सदस्यों का निशुल्क उपचार किए जाने की घोषणा की गई। जिले के लोधी समाज तथा लक्ष्य संस्था की ओर से एकत्रित सहायता राशि का पीड़ित परिवार में वितरण किया गया। सभा में उपस्थित गणमान्य लोगों ने परिजनों को सांत्वना दी और कहा कि हर संभव सहायता उन्हें मिलती रहेगी।
गणमान्य रहे मौजूद, आंखें नम हुईं
शोक सभा में मोहन सिंह लोधी पार्षद, बबलू लोधी पार्षद, निहाल सिंह भोले, महेश राजपूत एडवोकेट राकेश लोधी सांसद प्रतिनिधि, सुनील लोधी गुलाब सिंह लोधी एडवोकेट केपी सिंह खैरागढ़ नारायण सिंह अमीन तेजवीर प्रधान, एडवोकेट राजकुमार, पृथ्वीराज लोधी, लक्ष्य संस्था के संस्थापक इंजीनियर रतिराम लोधी ,महामंत्री लक्ष्मण सिंह राजपूत कोषाध्यक्ष सोमवार सिंह लोधी सतीश राजपूत महावीर सिंह रेलवे भीम सिंह, सोहनलाल राजपूत ,दरयाब सिंह रिटायर्ड कानून गो मोहनसिंह ग्राम पंचायत अधिकारी, मीडिया प्रभारी महावीर सिंह वर्मा, किशन स्वरूप ठेकेदार, इंजीनियर आरपी सिंह, ऑडिटर बीपी सिंह, बने सिंह, सुंदर सिंह नारायण सिंह, अमीन जसवंत सिंह, मौजूद रहे।