मिलावट और नकली दवाओं पर शिकंजे की जिम्मेदारी विजय शिवहरे को, विधान परिषद की महत्वपूर्ण समिति के सभापति नियुक्त
आगरा/लखनऊ। खाद्य पदार्थों में मिलावट और नकली दवाओं के प्रचलन से जनजीवन पर पड़ रहे स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की रोकथाम के लिए गठित उत्तर प्रदेश विधान परिषद की महत्वपूर्ण समिति की जिम्मेदारी विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे को सौंपी गई है। विधान परिषद के सभापति ने विधान परिषद की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली के तहत गठित होने वाली 16 समितियों के सभापतियों की नियुक्ति की है। इनमें मिलावट और नकली दवाओं के प्रचलन पर रोक से संबंधित समिति के सभापति विजय शिवहरे बनाए गए हैं।
विधान परिषद सचिवालय के प्रमुख सचिव डॉ. राजेश सिंह ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में समितियों के सभापतियों की नियुक्ति की जानकारी दी है। विजय शिवहरे को मिली यह जिम्मेदारी सीधे तौर पर प्रदेश में खाद्य पदार्थों में मिलावट और नकली दवाओं के बढ़ते खतरे से जुड़े जनस्वास्थ्य के मुद्दे से संबंधित है।
विजय शिवहरे को समिति का सभापति बनाए जाने की जानकारी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने उन्हें फोन, सोशल मीडिया और व्यक्तिगत रूप से मिलकर बधाई दी। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में समिति खाद्य पदार्थों में मिलावट तथा नकली दवाओं के प्रचलन पर प्रभावी रोकथाम के लिए ठोस सुझाव और कार्रवाई की दिशा में काम करेगी।