अब टेस्ट क्रिकेट से 'विराट' संन्यास, कोहली की घोषणा
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने आज टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कर दिया। उन्होने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी। आज सुबह 11 बजकर 43 मिनट पर सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए कोहली ने टेस्ट क्रिकट से संन्यास लेने की घोषणा की। इससे कुछ दिन पहले ही क्रिकेटर रोहित शर्मा ने भी क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी।
विराट कोहली ने टेस्ट जर्सी में अपनी एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, "टेस्ट क्रिकेट में पहली बार बैगी ब्लू जर्सी पहने हुए 14 साल हो चुके हैं। ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह फॉर्मेट मुझे किस सफर पर ले जाएगा। इसने मेरी परीक्षा ली, मुझे आकार दिया और मुझे ऐसे सबक सिखाए जिन्हें मैं जीवन भर साथ रखूंगा।
कोहली ने आगे लिखा, "ह्वाइट जर्सी में खेलना एक बहुत ही निजी अनुभव है। शांत परिश्रम, लंबे दिन, छोटे-छोटे पल जिन्हें कोई नहीं देखता लेकिन जो हमेशा आपके साथ रहते हैं. जब मैं इस फॉर्मेट से दूर जा रहा हूं, तो यह आसान नहीं है, लेकिन यह सही लग रहा है। मैंने इसमें अपना सबकुछ दिया है और इसने मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज़्यादा दिया है।"
"मैं खेल के लिए, मैदान पर खेलने वाले लोगों के लिए और हर उस व्यक्ति के लिए आभार से भरा दिल लेकर जा रहा हूं जिसने मुझे इस सफर में आगे बढ़ाया। मैं हमेशा अपने टेस्ट करियर को मुस्कुराते हुए देखूंगा।"
विराट कोहली ने 20 जून को वेस्टइंडीज के खिलाफ 2011 में अपना टेस्ट डेब्यू मैच खेला था। डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 4 और दूसरी पारी में 15 रन बनाए थे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 का पांचवां टेस्ट विराट कोहली का आखिरी टेस्ट साबित हुआ। 3 जनवरी से 5 जनवरी के बीच खेले गए इस टेस्ट की पहली पारी में कोहली ने 17 रन बनाए थे। अपने करियर की अंतिम टेस्ट पारी में उन्होंने 6 रन बनाए थे।
इन 14 सालों के टेस्ट करियर में विराट कोहली ने 123 मैचों की 210 पारियों में कुल 9230 रन बनाए हैं। उनका टेस्ट में सबसे बड़ा स्कोर 254 रनों का है, जो उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। विराट ने टेस्ट क्रिकेट में 31 अर्धशतक और 30 शतक ठोके हैं।