वीरेंद्र कांबली ने कहा- ठीक से नहीं बोल पा रहे विनोद कांबली
पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली के हेल्थ को लेकर उनके छोटे भाई वीरेंद्र कांबली एक बड़ा अपडेट किया है। वीरेंद्र कांबली ने बताया कि विनोद अब भी पूरी तरह से ठीक से बोल नहीं पा रहे हैं।
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी विनोद कांबली के हेल्थ पर उनके छोटे भाई ने एक बड़ा अपडेट दिया है। लंबे समय से बीमार चल रहे कांबली अभी भी ठीक से नहीं बोल पा रहे हैं। उनके छोटे भाई वीरेंद्र कांबली ने बताया कि वह बोलने में अभी भी लड़खड़ा रहे हैं, लेकिन धीरे-धीरे उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। कांबली को पिछले साल 21 दिसंबर 2024 को यूरिन इंफेक्शन की शिकायत के बाद ठाणे के आकृति अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान पता चला कि उनके सिर में खून के थक्के हैं, जिसके कारण वह 1 जनवरी 2025 तक अस्पताल में रहे हैं। अस्पताल से छुट्टी के बाद कांबली बांद्रा स्थित अपने घर पर रह रहे हैं। लंबे समय से विनोद कांबली के हेल्थ को लेकर कोई अपडेट नहीं आया था। वहीं अब उनके भाई वीरेंद्र ने बताया कि विनोद अभी पूरी तरह से ठीक नहीं हुए हैं।
विनोद कांबली के भाई वीरेंद्र कांबली हाल ही में 'द विक्की लालवानी शो' में आए थे। इस दौरान उन्होंने कहा, 'वह अब घर पर हैं, लेकिन उन्हें अभी भी बोलने में दिक्कत हो रही है। मैं आप सबसे अपील करता हूं कि मेरे भाई के लिए दुआ कीजिए कि वो जल्दी ठीक हो जाएं।'
उन्होंने कहा, 'वह अभी घर पर ही हैं, लेकिन उनका इलाज जारी है। उन्हें बोलने में दिक्कत हो रही है। पूरी तरह से ठीक होने में उन्हें समय लगेगा। वह एक चैंपियन हैं और वह वापसी करेंगे। उम्मीद है कि वह चलना और दौड़ना शुरू कर देंगे। मुझे भरोसा है कि वह जल्द मैदान पर वापस लौटेंगे।'
विनोद के भाई वीरेंद्र उनके हेल्थ पर अपडेट देते हुए कहा, 'हाल ही में उनकी 10 दिनों तक फिजियोथेरेपी हुई। उनके पूरे शरीर की जांच हुई, जिसमें ब्रेन स्कैन और यूरिन टेस्ट भी शामिल था। रिजल्ट ठीक थे। बहुत ज्यादा दिक्कत नहीं थी, लेकिन वह चल नहीं पा रहे हैं। ऐसे में उन्हें फिजियोथेरेपी कराने की सलाह दी गई है। उनके बोलने में अभी भी थोड़ी लड़खड़ाहट है, लेकिन वह बेहतर हो रहे हैं।'
विनोद कांबली अपने समय में भारतीय टीम के उभरते हुए स्टार थे। वे टीम इंडिया के लिए लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे मैचों में मैदान पर उतरे। हालांकि, रिटायरमेंट के बाद उनके लिए चीजें काफी मुश्किल हो गई। उन्हें शराब की लत लग गई और लगातार उनकी तबीयत भी खराब रहने लगी। साल 2013 में दो बार दिल के दौरा भी पड़ा।