जब कोई सही व्यक्ति मिल जाएगा तो शादी भी कर लूंगी- श्रेयसी सिंह

 बिहार की खेल और आईटी मंत्री श्रेयसी सिंह ने अपनी शादी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। जमुई दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने मुस्कुराकर कहा कि वे सामाजिक व्यवस्था में विश्वास रखती हैं और सही जीवनसाथी मिलने पर निश्चित रूप से विवाह करेंगी।

Dec 28, 2025 - 19:46
 0
जब कोई सही व्यक्ति मिल जाएगा तो शादी भी कर लूंगी- श्रेयसी सिंह

 
जमुई। मैं सोचती हूं कि सही व्यक्ति मिलेगा तो शादी भी हो जाएगी। इसमें कोई दो मत नहीं है।' बिहार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने अपनी शादी को लेकर दिलचस्प जवाब दिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जब अच्छा व्यक्ति मिलेगा, तब शादी भी हो जाएगी। श्रेयसी ने सामाजिक व्यवस्था का सम्मान करते हुए कहा कि वे सही समय आने पर विवाह के बंधन में जरूर बंधेंगी और पत्रकारों को निमंत्रण पत्र भी भेजेंगी। अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी में शोहरत हासिल करने के बाद श्रेयसी सिंह दूसरी बार बीजेपी के टिकट पर जमुई से विधायक बनीं तो नीतीश कैबिनेट में भी उन्हें जगह मिली।

बिहार की खेल मंत्री और जमुई विधायक श्रेयसी सिंह हाल ही में अपने निर्वाचन क्षेत्र पहुंचीं। सर्किट हाउस में उन्होंने जिले भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। विकास कार्यों और खेल जगत के मुद्दों पर चर्चा के बाद मीडिया ने उनसे उनकी निजी जिंदगी और शादी की योजनाओं पर सवाल किया। मंत्री ने बेहद शालीनता और स्पष्टता के साथ इन सवालों का जवाब दिया, जिसकी अब राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।

शादी के सवाल पर श्रेयसी सिंह ने अंग्रेजी और हिंदी के शब्दों को मिलाकर जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'आई थिंक व्हेन द राइट मैन कम्स अलोंग (जब सही व्यक्ति मिलेगा), तो शादी भी हो जाएगी।' उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज की एक स्थापित व्यवस्था है और हर किसी को उसका पालन करना चाहिए। मतलब, शादी करनी है, इसे लेकर श्रेयसी के मन में कोई कन्फ्यूजन नहीं है। उन्होंने मुस्कुराते हुए ये भी जोड़ा कि इसमें कोई दो राय नहीं है कि समय आने पर वे शादी करेंगी और मीडियाकर्मियों को निमंत्रण पत्र भी भेजेंगी।

जब उनसे पूछा गया कि क्या ये शुभ समाचार जल्द आने वाला है, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने समर्थकों की उत्सुकता और शुभकामनाओं के लिए सबका धन्यवाद किया। श्रेयसी सिंह न केवल एक राजनेता हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज भी हैं, इसलिए उनके निजी जीवन को लेकर उनके प्रशंसक हमेशा उत्साहित रहते हैं।