मायके गई पत्नी, ड्यूटी पर गए पति, आगरा के अर्जुन नगर में सूना घर देख चोरों ने बोला धावा
आगरा। थाना शाहगंज वेस्ट क्षेत्र के अर्जुन नगर इलाके में चोरों ने सुनसान मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने लोको पायलट देवेश कुमार पचौरी के घर से लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय घर के सभी सदस्य बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर चोर आसानी से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार देवेश कुमार पचौरी पुत्र राधेश्याम पचौरी रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय वे नौकरी के सिलसिले में आगरा कैंट गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी ममता पचौरी अपने मायके शाहगंज के मानस नगर गई हुई थीं। देवेश पचौरी अर्जुन नगर स्थित मकान के ऊपरी हिस्से में किराए पर रहते हैं, जबकि नीचे मकान मालिक का परिवार निवास करता है।
मकान मालिक के दरवाजे पर भी किया प्रयास
चोरों ने ऊपर के हिस्से में घुसने के साथ-साथ नीचे रहने वाले मकान मालिक के दरवाजे को भी तोड़ने की कोशिश की। हालांकि वहां लगा इंटरलॉक नहीं टूट पाया, जिससे नीचे के हिस्से में चोरी होने से बच गई। इसके बाद चोरों ने ऊपर के मकान को पूरी तरह खंगाल डाला।
सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार नकद चोरी
पीड़िता ममता पचौरी के अनुसार, चोर घर से एक सोने की अंगूठी, एक मंगलसूत्र, छह कानों के कुंडल, एक सोने की चेन, दो पेंडल, छह जोड़ी चांदी की पायल और ₹50,000 नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए आभूषणों की कीमत काफी अधिक बताई जा रही है।
पुलिस को दी गई सूचना, जांच में जुटी टीम
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने थाना शाहगंज पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।