प्रदेश कुश्ती चैंपियनशिप में महिला पहलवानों का जलवा, पहले दिन सात वर्गों में बंटी बाजी
आगरा के एसएस एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, मलपुरा में शुक्रवार से शुरू हुई प्रदेश स्तरीय कुश्ती चैंपियनशिप के पहले दिन महिला पहलवानों ने दमदार प्रदर्शन किया। जिला कुश्ती संघ के बैनर तले आयोजित इस प्रतियोगिता में सात विभिन्न भार वर्गों में करीब 135 महिला पहलवानों ने भाग लिया और अपनी कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। मुकाबलों में महिलाओं की जोशीली भागीदारी ने पहले ही दिन चैंपियनशिप को ऊंचाई पर पहुंचा दिया।
प्रदेश स्तरीय कुश्ती चैंपियनशिप की शुरुआत शुक्रवार को हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। उद्घाटन उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के सचिव सुरेश उपाध्याय, जिला अध्यक्ष नितेश शर्मा, संरक्षक राजकुमार चाहर, उपाध्यक्ष देवेंद्र चाहर एवं सचिव नेत्रपाल चाहर ने संयुक्त रूप से किया।
पहले दिन महिला वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता में सात भार वर्गों में ट्रायल मुकाबले कराए गए, जिनमें करीब 135 महिला पहलवानों ने दमखम दिखाया।
विजेता महिला पहलवान (भार वर्ग अनुसार)
50 किलो वर्ग में जूली (नंदिनी नगर), 55 किलो में प्रियंका (मुजफ्फरनगर), 57 किलो में दीपाली (मुजफ्फरनगर), 59 किलो में काजल चौधरी (मथुरा), 62 किलो में कीर्ति (बागपत), 65 किलो में भूमि (बिजनौर), 72 किलो में साक्षी (मेरठ) और 76 किलो वर्ग में अंजू (गौतम बुद्ध नगर) विजेता रहीं।
सभी स्वर्ण पदक विजेताओं को उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने पदक पहनाकर सम्मानित किया। द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को क्रमशः रजत और कांस्य पदक प्रदान किए गए।
इस अवसर पर आयोजकों ने बबीता चौहान को "शक्ति का प्रतीक गदा" भेंटकर उनका विशेष सम्मान किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राम सकल गुर्जर, पूर्व विधायक महेश गोयल, संरक्षक राजकुमार चाहर, जिला अध्यक्ष नितेश शर्मा, पूर्व रणजी खिलाड़ी के.के. शर्मा के साथ किरावली, अछनेरा, अकोला और फतेहपुर सीकरी से आए कई जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।