कारगिल शहीदों की स्मृति में हाजीपुर खेड़ा में हुआ कुश्ती दंगल, दूर-दराज से पहुंचे पहलवान

आगरा। देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले कारगिल के वीर शहीदों की स्मृति में रविवार को खंदौली क्षेत्र के ग्राम हाजीपुर खेड़ा में भव्य कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इस दंगल में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान सहित विभिन्न प्रदेशों के नामी पहलवानों ने भाग लिया। दंगल देखने के लिए आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में ग्रामीण पहुंचे और रोमांचक मुकाबलों का लुत्फ उठाया।

Aug 3, 2025 - 21:25
 0
कारगिल शहीदों की स्मृति में हाजीपुर खेड़ा में हुआ कुश्ती दंगल, दूर-दराज से पहुंचे पहलवान
हाजीपुर खेड़ा में कारगिल शहीदों की स्मृति में आयोजित कुश्ती दंगल का पहलवानों के हाथ मिलवाकर शुभारंभ कराते केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल।

कारगिल शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

यह दंगल विशेष रूप से शहीद चौधरी धर्मवीर सिंह, शहीद चौधरी शिवकुमार सिंह, शहीद चौधरी श्यामवीर सिंह और शहीद धर्मेंद्र पहलवान की याद में आयोजित किया गया। ग्रामीणों और आयोजकों ने शुरुआत में शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

केंद्रीय मंत्री ने किया शुभारंभ

दंगल का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने पहलवानों से हाथ मिलाकर किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन शहीदों के सम्मान में एक प्रेरणास्पद पहल है और युवाओं में देशभक्ति की भावना को जगाने का कार्य करता है।

प्रतिष्ठित लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुंदर सिंह बघेल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जगवीर तोमर, भारत केसरी हरिकेश पहलवान, महावीर पहलवान, मोहर सिंह पहलवान, वीरेंद्र बघेल, महेन्द्र पहलवान, राजू पहलवान, हरिओम तोमर सहित अनेक गणमान्य लोग और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे। दंगल में कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।

SP_Singh AURGURU Editor