मुर्शिदाबाद हिंसा पर भड़के योगी, कांग्रेस, सपा और टीएमसी पर साधा निशाना

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वक्फ की जमीन पर जब अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई तो हिंसा भड़काई गई। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में तीन दलित हिंदुओं को घर से खींचकर मार डाला गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये वही गरीब, दलित और वंचित लोग हैं, जिन्हें जमीन वापसी के बाद असली फायदा मिलना था।

Apr 13, 2025 - 17:42
 0
मुर्शिदाबाद हिंसा पर भड़के योगी, कांग्रेस, सपा और टीएमसी पर साधा निशाना

सीएम योगी आदित्यनाथ राजधानी लखनऊ में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर सम्मान अभियान के तहत आयोजित कार्यशाला में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस जैसे दल सिर्फ वोटबैंक की राजनीति कर रहे हैं और महापुरुषों के अपमान की एक लंबी श्रृंखला का हिस्सा हैं।

सीएम योगी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार की बात उठाई और कहा कि वहां पीड़ित ज्यादातर दलित हैं। उन्होंने जिक्र किया कि जोगेंद्र नाथ मंडल ने पाकिस्तान का साथ दिया था, लेकिन एक साल भी वहां नहीं रह पाए। आज भी उनके फैसलों का खामियाजा बांग्लादेश के दलित हिंदू भुगत रहे हैं।

सीएम ने कहा कि सीएए के जरिए उन पीड़ितों को नागरिकता देने की कोशिश की गई, जो पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक आधार पर प्रताड़ित हुए लेकिन कांग्रेस और सपा जैसे दल इसका विरोध करके देश में भ्रम फैलाते हैं। उन्होंने पूछा कि अगर पीड़ित हिंदू भारत नहीं आएगा तो कहां जाएगा?
 
मुख्यमंत्री का आरोप था कि जो लोग दलितों और वंचितों की जमीन कब्जा करते हैं, उनका सीधा संबंध विपक्षी पार्टियों से होता है। सरकार ऐसे लोगों पर कार्रवाई कर रही है और अब जब जमीनें वापस ली जा रही हैं तो हिंसा भड़काई जा रही है। सीएम योगी ने कहा कि जब 2012 में सपा की सरकार बनी थी, तब उन्होंने कांशीराम व अंबेडकर के नाम पर बनी इमारतों को खत्म करने की बात कही थी। वहीं बीजेपी ने यह सुनिश्चित किया कि कन्नौज और अन्य जगहों पर अंबेडकर के नाम को सम्मान के साथ बरकरार रखा जाए।

सीएम योगी ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि ये लोग छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान करते हैं और औरंगजेब या जिन्ना जैसे विभाजनकारी लोगों की तारीफ करते हैं। उन्होंने कहा कि जब बीजेपी पटेल की जयंती पर "रन फॉर यूनिटी" कर रही थी, तब सपा नेता जिन्ना को महान बता रहे थे। सीएम योगी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे दलित और वंचित बस्तियों में जाकर सही तथ्य जनता को बताएं। उन्होंने कहा कि अगर हम सच नहीं बताएंगे, तो ये लोग सत्ता की कुर्सी पर चढ़कर गरीबों के हक पर कब्जा कर लेंगे।