कमलानगर में दिनदहाड़े युवती से छेड़छाड़, गेस्ट हाउस मालिक ने की शर्मनाक हरकत, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी

आगरा। ताजनगरी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कमलानगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवती से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि इलाके में स्थित ‘ओम गेस्ट’ के मालिक गौरव पुरोहित ने शराब के नशे में एक युवती के साथ क्लिनिक के बाहर बदसलूकी की। विरोध करने पर उसने युवती का टॉप फाड़ने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

Nov 13, 2025 - 13:00
 0
कमलानगर में दिनदहाड़े युवती से छेड़छाड़, गेस्ट हाउस मालिक ने की शर्मनाक हरकत, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी
इमेज फोटो

क्लिनिक के बाहर शराब के नशे में ‘ओम गेस्ट’ के संचालक का उत्पात, टॉप फाड़ने की कोशिश के बाद हुआ फरार, पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की

आगरा। ताजनगरी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कमलानगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवती से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि इलाके में स्थित ‘ओम गेस्ट’ के मालिक गौरव पुरोहित ने शराब के नशे में एक युवती के साथ क्लिनिक के बाहर बदसलूकी की। विरोध करने पर उसने युवती का टॉप फाड़ने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक युवती किसी कार्य से कमलानगर स्थित एक निजी क्लिनिक पर आई थी। तभी पास ही स्थित ‘ओम गेस्ट’ के संचालक गौरव पुरोहित शराब के नशे में वहां आ पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने युवती से अश्लील टिप्पणी की और जबरन पकड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने उसका टॉप फाड़ने की कोशिश की और धमकी दी कि अगर शोर मचाया तो जान से मार देगा। घटना के बाद स्थानीय लोग जुट गए, लेकिन आरोपी तब तक फरार हो चुका था।

महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज

पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए घटना की शिकायत कमलानगर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गौरव पुरोहित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी गौरव पुरोहित के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी और अभद्रता की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय गवाहों के बयान भी एकत्र किए जा रहे हैं ताकि घटना की सटीक पुष्टि की जा सके।

पुलिस ने की दबिश शुरू

सूत्रों के मुताबिक आरोपी गौरव पुरोहित घटना के तुरंत बाद गेस्ट हाउस बंद कर फरार हो गया। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आरोपी के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों ने इस घटना के विरोध में कहा कि दिनदहाड़े शहर में इस तरह की हरकतें पुलिस गश्त पर सवाल उठाती हैं।

महिलाओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब शहर में महिलाओं के साथ अभद्रता और उत्पीड़न के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।