श्रीजगन्नाथ मंदिर में 15वां स्थापना दिवस: सूर्य आभा में प्रभु ने भक्तों को किया मंत्रमुग्ध
आगरा। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में आज 15वां स्थापना दिवस उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। भगवान जगन्नाथ ने बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र के साथ दर्शन दिए। मंदिर परिसर हर दिशा में हरि बोल और भगवान जगन्नाथ के जयकारों से गूंज उठा। भगवान को सूर्य की आभा लिए नारंगी पोशाक में श्रंगारित किया गया, जबकि मंदिर को नारंगी गुड़हल और गुलाब के पुष्पों से सजाया गया।
वंदावन से आए राधा गोविंद महाराज और हरविजय दास ने 15 साल पहले मंदिर की स्थापना से लेकर अब तक के संस्मरण साझा किए। उन्होंने भक्तों को बताया कि केवल भक्ति ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि दूसरों के प्रति आदर और प्रेम भी भगवान को प्रिय होते हैं। तपस्या, पूजा, व्रत, और सादगी से जीवन व्यतीत करने वाले भक्तों के लिए भगवान की प्राप्ति सरल होती है।
भक्तों ने संकीर्तन करते हुए- हरे राम हरे कृष्णा... का गायन किया। मंदिर परिसर में फूल बंगला सजाया गया और भंडारे का आयोजन भी हुआ। इस अवसर पर आगरा इस्कॉन के अध्यक्ष अरविंद प्रभु, वैकुण्ड दास, विश्वास प्रभु, शशांक प्रभु, ओमप्रकाश अग्रवाल, अदिति गौरांगी समेत कई गणमान्य भक्त उपस्थित थे।