कारखाने में बुझ गया 25 वर्षीय कारीगर का जीवन, फंदे पर लटका मिला शव
आगरा। आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के कलवारी इलाके में मंगलवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवा मूर्ति कारीगर ने अपने ही कारखाने में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई, जो सच साबित हो गई।
जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के कलवारी की घटना, परिजन सदमे में, पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी
आगरा। आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के कलवारी इलाके में मंगलवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवा मूर्ति कारीगर ने अपने ही कारखाने में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई, जो सच साबित हो गई।
जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय तरुण शर्मा कलवारी क्षेत्र का निवासी था और घर के पास बने कारखाने में मूर्ति निर्माण का कार्य करता था। मंगलवार रात वह काम के बाद घर नहीं लौटा। सुबह जब देर तक उसका कोई पता नहीं चला तो उसका भाई राहुल उसे खोजते हुए कारखाने पहुंचा। जैसे ही उसने अंदर देखा, भाई का शव फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखते ही उसकी चीख निकल गई।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही थाना जगदीशपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों ने भी किसी प्रकार की रंजिश, विवाद या तनाव की बात से इंकार किया है। फिलहाल पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और गतिविधियों की जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
मृतक तरुण के परिवार में माता-पिता, एक छोटी बहन, बड़ा भाई, भाभी और दो भतीजे हैं। युवक की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।