अर्धकुंवारी में लैंडस्लाइड से 30 की मौत, जम्मू में सरकारी दफ्तर और स्कूल बंद, नाइट मूवमेंट बैन
जम्मू-कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री से फोन पर बात करके उन्हें जम्मू प्रांत के हालात की जानकारी दी, जहां भारी और लगातार बारिश से काफी नुकसान हुआ है।
जम्मू। जम्मू में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अर्धकुंवारी में लैंड स्लाइड होने की वजह से 30 लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए। इसकी जानकारी श्राइन बोर्ड ने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल के जरिए दी। इसी बीच, डिविजनल कमिश्नर जम्मू ने नोटिस जारी करते हुए कहा कि 27 अगस्त को आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी सरकारी दफ्तर और शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। वहीं, एलजी मनोज सिन्हा और सीएम उमर अब्दुल्ला ने लैंडस्लाइड की घटना को लेकर दुख जताया। जम्मू में अधिकारियों ने रात के समय लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''माता वैष्णो देवी मार्ग पर तीर्थयात्रियों की मृत्यु के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ. मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करे।''
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में जानकारी दी कि अभी-अभी केंद्रीय गृह मंत्री से फोन पर बात करके उन्हें जम्मू-कश्मीर, खासकर जम्मू प्रांत के हालात की जानकारी दी, जहां भारी और लगातार बारिश से काफी नुकसान हुआ है और सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने कहा, ''फोन/डेटा कनेक्टिविटी जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।'
उमर अब्दुल्ला ने आगे कहा, ''जम्मू हवाई अड्डा बंद होने के कारण मैं और मेरे साथी जम्मू नहीं पहुंच पाए. मुझे उम्मीद है कि बुधवार पहली उड़ान से मैं वहां पहुंच पाऊंगा। मैं स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा हूं और संभाग में जमीनी स्तर पर तैनात टीमों के संपर्क में हूं।''
जम्मू-कश्मीर के पीआरओ डिफेंस ने 'एक्स' पोस्ट के जरिए कहा, ''व्हाइट नाइट कॉर्प्स की तीन राहत टुकड़ियां कटरा और उसके आसपास बचाव और राहत कार्यों में तेजी से जुट गई हैं। एक टुकड़ी अर्धकुंवारी, कटरा में लोगों की जान बचाने में मदद कर रही है, एक राहत टुकड़ी कटरा से ठाकरा कोट जाने वाली सड़क पर भूस्खलन वाले स्थान पर पहुंच गई है और एक टुकड़ी जौरियां के दक्षिण में सहायता प्रदान कर रही है। लोगों की जान बचाने, जरूरतमंदों को सहायता प्रदान करने और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।''