कोठी मीना बाजार में सजेगी 31वीं हाईटेक भीमनगरी, ग्यासपुरा रचेगा इतिहास, प्रो, बघेल बोले- यह देश का सबसे बड़ा जयंती समारोह
आगरा। भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली 31वीं ऐतिहासिक एवं हाईटेक भीमनगरी इस बार शाहगंज स्थित कोठी मीना बाजार में भव्य स्वरूप में सजेगी। तीन दिवसीय इस विशाल आयोजन की तैयारियों को लेकर भीमनगरी समारोह आयोजन समिति द्वारा ग्यासपुरा क्षेत्र की भीमनगरी के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय पंचायती राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यालय का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, मुख्य संरक्षक एडवोकेट करतार सिंह भारतीय, संरक्षक विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री देवेंद्र सिंह चिल्लू, केंद्रीय समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी, महामंत्री श्याम जरारी, क्षेत्रीय समिति अध्यक्ष सुभाष सागर एवं महामंत्री महेंद्र सिंह सहित समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा शाहगंज स्थित जूता प्रदर्शनी केंद्र पर फीता काटकर किया गया। इससे पूर्व तथागत गौतम बुद्ध और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्रों पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने इस मौके पर कहा कि आगरा की भीमनगरी केवल उत्तर भारत ही नहीं, बल्कि पूरे देश का सबसे बड़ा जयंती समारोह है। बाबा साहेब की जयंती देश के हर चौथे गांव में सीमित संसाधनों के बावजूद अप्रैल से मई तक उत्सव के रूप में मनाई जाती है। आज देश ही नहीं, विदेशों के नेताओं को भी डॉ. आंबेडकर का नाम लेना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भी निमंत्रण दिया जाना चाहिए। डॉ. आंबेडकर की शिक्षा समाज के जंग लगे ताले खोलने का कार्य करती है और वह समतामूलक, संपन्न समाज का स्वप्न देखते थे।
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने आश्वस्त किया कि भीमनगरी आयोजन को लेकर प्रशासन और समिति की बैठक शीघ्र आयोजित की जाएगी। ट्रैफिक, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा और प्रशासन आयोजन समिति को पूर्ण सहयोग देगा।
विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने कहा कि कोठी मीना बाजार में आयोजित होने वाली भीमनगरी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। ग्यासपुरा की आयोजन समिति बाबा साहेब के विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी और यह आयोजन अलौकिक भव्यता से परिपूर्ण होगा।
मुख्य संरक्षक एडवोकेट करतार सिंह भारतीय ने कहा कि इस बार शाहगंज क्षेत्र में सर्वसमाज, शिक्षित वर्ग और व्यापारी भी आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। ग्यासपुरा का चयन सर्वश्रेष्ठ भीमनगरी के उद्देश्य से किया गया है। केंद्रीय समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी ने कहा कि वर्ष 1996 से निरंतर भीमनगरी को भव्य रूप देने का प्रयास किया जा रहा है और इस बार भी आयोजन ऐतिहासिक होगा। महामंत्री श्याम जरारी ने मंच से प्रो. एसपी सिंह बघेल के समक्ष ग्यासपुरा क्षेत्र में एक लाइब्रेरी निर्माण की मांग भी रखी।
क्षेत्रीय समिति अध्यक्ष सुभाष सागर और महामंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि 2026 की भीमनगरी को अद्वितीय और यादगार बनाने के लिए समिति दिन-रात कार्य कर रही है। बाबा साहेब का संदेश देश ही नहीं, बल्कि दुनिया तक पहुंचाने की व्यापक योजना पर काम किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन संयोजक राहुल सागर ने किया।
इस अवसर पर संरक्षक प्रताप सिंह, रवि शंकर, राजा बाबू बौद्ध, संजय सिंह, वीर प्रकाश बंटी, सिंधी जनवेजा, अजय राना, ऋषि कुमार, राजू वर्मा, भारतेन्दु अरुण, पार्षद गजेंद्र पिप्पल, गौरव शर्मा, गुड्डू मेनन, संजीव चौबे, नवीन गौतम, नितेश शिवहरे, विजय समा, सतेंद्र तिवारी, लता कुमारी, प्रमोद वर्मा, राजेश गोयल, देवेंद्र पिप्पल, योगेंद्र सरन, सुबोध मानव, राकेश भास्कर, मुन्ना लाल भारतीय, डॉ. सुधा रानी, ओपी सिंह, अर्जुन सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।