बरेली में 11 नवम्बर से 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता, 1056 खिलाड़ी करेंगे मुकाबला

-आरके सिंह- बरेली। खेल भावना और युवा ऊर्जा से सराबोर बरेली शहर 11 से 15 नवम्बर तक देशभर के स्कूली वॉलीबॉल खिलाड़ियों का केंद्र बनने जा रहा है। 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता (अंडर-17) के आयोजन की पूरी तैयारियां प्रशासन ने शुरू कर दी हैं। इस प्रतियोगिता में देशभर से कुल 88 टीमें (44 बालक और 44 बालिकाओं की) हिस्सा लेंगी।

Nov 4, 2025 - 13:50
 0
बरेली में 11 नवम्बर से 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता, 1056 खिलाड़ी करेंगे मुकाबला

जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में प्रतियोगिता की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं ताकि आयोजन को भव्यता और सुव्यवस्था के साथ संपन्न कराया जा सके।

प्रतियोगिता में होंगे 1056 प्रतिभागी

बैठक में बताया गया कि प्रतियोगिता में लगभग 1056 खिलाड़ी शामिल होंगे। सभी टीमों के लिए लाइजनिंग ऑफिसर तैनात किए जा रहे हैं ताकि आगमन से लेकर आवास, भोजन और परिवहन तक की सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जा सकें। खिलाड़ियों का पंजीकरण 6 नवम्बर तक किया जा सकेगा।

जिलाधिकारी ने दिए दिशा-निर्देश

डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता है, इसलिए प्रत्येक व्यवस्था मानक के अनुरूप और उत्कृष्ट होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, विद्युत व्यवस्था, परिवहन, और सुरक्षा इंतज़ाम पर विशेष ध्यान दिया जाए।
आयोजन स्थल पर फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, मोबाइल टॉयलेट, पानी के टैंकर, बस पार्किंग, सफाई कर्मी और मेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रतियोगिता स्थल की व्यवस्था और भव्य उद्घाटन

डीएम ने आयोजन स्थल के समतलीकरण, टेंट, मंच सज्जा, ट्रॉफी, मेडल, मोमेंटो, फोटोग्राफी और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्घाटन और समापन समारोह को भव्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सुसज्जित किया जाए ताकि बाहर से आए खिलाड़ियों पर उत्तर प्रदेश की आतिथ्य परंपरा की छाप पड़े।

प्रतिभागियों को बरेली के स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराने की योजना पर भी चर्चा हुई। डीएम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। नगर निगम और विद्युत विभाग को ग्राउंड पर पर्याप्त लाइटिंग और अस्थायी विद्युत पोल लगाने को कहा गया ताकि शाम के समय भी मैच सहज रूप से हो सकें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, संयुक्त निदेशक शिक्षा, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना अधिकारी सहित समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor