सांसद सुमन की सुरक्षा मामले में हाईकोर्ट ने दिया केंद्र और राज्य सरकार को नोटिस

आगरा। सपा सांसद रामजीलाल सुमन को सुरक्षा प्रदान किए जाने की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट के जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस हरवीर सिंह ने यूपी और केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। अगली सुनवाई 28 मई को होगी।

Apr 30, 2025 - 19:40
 0
सांसद सुमन की सुरक्षा मामले में हाईकोर्ट ने दिया केंद्र और राज्य सरकार को नोटिस

गौरतलब है कि सपा सांसद रामजी लाल सुमन घर पर हमले के बाद सुरक्षा की मांग को लेकर हाईकोर्ट पहुंचे हैं। उनके अधिवक्ता एडवोकेट इमरान उल्लाह ने कोर्ट में कहा कि सांसद सुमन पर हमले हो रहे हैं। उनकी हत्या भी हो सकती है। जीभ काटने को एक करोड़ की सुपारी देने की घोषणा की गई है। इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे स्पष्ट है कि यूपी में कानून और व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। 

अधिवक्ता ने कहा कि खुलेआम अलग-अलग संगठनों की ओर से रामजीलाल सुमन को धमकियां दी जा रही हैं। इसके बावजूद उन पर कोई कार्रवाई न होना यह साबित करता है कि संगठनों को राज्य सरकार का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने दलील दी कि सांसद सुमन पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्हें आशंका है कि सांसद सुमन की हत्या भी हो सकती है। 

उन्होंने कहा कि सांसद के आवास पर हमले के मामले में सौ से ज्यादा लोगों के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज है पर उनके ख़िलाफ़ आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे साफ़ पता चलता है कि यूपी में क़ानून और व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सांसद सुमन की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।