शिल्पग्राम के मंच पर फैशन शो में जीवंत हुई भारतीय धरोहर

 आगरा। आंध्र की 1920 के दशक में प्रचलित मंगलगिरी विंटेज कॉटन साड़ी, मंगलगिरी सिल्क साड़ी और निवी स्टाइल ड्रेपिंग के साथ हमारे पूर्वजों द्वारा पहनी जाने वाली पोंधुरी कॉटन धोती ने भारतीय संस्कृति और फैशन को ताज महोत्सव में सजे रैम्प पर एक बार फिर जीवंत कर दिया।

Feb 24, 2025 - 21:01
Feb 24, 2025 - 21:17
 0
शिल्पग्राम के मंच पर फैशन शो में जीवंत हुई भारतीय धरोहर
ताज महोत्सव के अंतर्गत शिल्पग्राम के मुख्य मंच पर सोमवार की सायं हुए फैशन शो की झलक।

-वर्ल्ड डिज़ाइनिंग फोरम द्वारा ताज महोत्सव में आयोजित "धरोहर" कार्यक्रम में भारतीय सांस्कृतिक धरोहरों और सदियों पुरानी परम्परा का दिखा अनूठा संगम

ताज महोत्सव के अंतर्गत शिल्पग्राम के मुख्य मंच पर हुए इस आयोजन में भारत के हर प्रांत के पारम्परिक परिधान एक नए अंदाज और लुक में चकाचौध रोशनी के साथ अपने रंग बिखेर रहे थे। कश्मीर का शाही पश्मीना, सोज़नी कढ़ाई, पारंपरिक पश्मीना शॉल और उस पर की गई सोज़नी कढ़ाई अपनी बारीकी और सुंदरता दर्शकों का मन आकर्षित करने में सफल रही। आज के पटियाला ड्रेस के दौर में कहीं गुम हो रही पंजाब के पारम्परिक शरारा को भी फैशन की धारा में जोड़ने का प्रयास नजर आया।

वर्ल्ड डिजायनिंग फोरम (डब्ल्यूडीएफ) द्वारा आज धरोहर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें फैशन शो के माध्यम से भारत के विभिन्न राज्यों के डिजाइनरों ने अपनी संस्कृतिक और पारंपरिक परिधानों की खूबसूरती को जीवंत किया। इसमें भारत के विभिन्न प्रांतों के 50 से अधिक प्रसिद्ध फैशन डिज़ाइनरों और मॉडलों ने भाग लिया।

शुभारम्भ केन्द्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वर्ल्ड डिजायनिंग फोरम के निदेशक अंकुश अनामी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि फोरम भारतीय सांस्कृतिक धरोहर और पारंपरिक कला को समकालीन डिज़ाइन के साथ जोड़कर एक नई पहचान देने का कार्य करता है।

कार्यक्रम में कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मणिपुर, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, और तेलंगाना के पारंपरिक वस्त्रों और सांस्कृतिक धरोहर को प्रस्तुत किया गया। ओडिशा की अनमोल धरोहर पटचित्रा कला और सम्बलपुरी बुनाई को प्रस्तुत किया गया, जो यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

गरिमा कुलश्रेष्ठ ने मराठा संस्कृति को जीवंत करते हुए पैठनी साड़ी के साथ भव्य प्रस्तुति दी, जिसने महाराष्ट्र की पारंपरिक खूबसूरती को बखूबी दर्शाया। राजस्थान की हस्तकला की झलक दिखाते हुए ऋतु अरोड़ा ने सांगानेरी ब्लॉक प्रिंटिंग और अप्लीक वर्क को शोकेस किया, जिसे स्थानीय कलाकारों द्वारा हाथ से बनाया गया था।

अर्पिता घोष ने कोलकाता की सांस्कृतिक विरासत को लाल और सफेद रंग में दर्शाया और साथ ही हस्तकला कौड़ी वर्क को भी मंच पर उतारा।

शुभारम्भ में गंगा की पवित्रता और समापन में कुम्भ की झलक

आगरा। कार्यक्रम का शुभारम्भ तमिलनाडु की गंगा थीम और सांस्कृतिक परिधान कविता सेंथुराज ने गंगा थीम के साथ किया। धवल श्वेत परिधान के साथ रितु सुहास जब रैम्प पर उतरीं तो गंगा की पावनता नजर आयी। इसके अलावा तमिलनाडु के पारंपरिक परिधानों को भी शो में प्रदर्शित किया गया, जो विशेष अवसरों पर पहने जाते हैं।

वहीं कार्यक्रम के समापन पर कुंभ थीम और भगवान शिव की अद्भुत झलक दिखाते हुए गरिमा कुलश्रेष्ठ द्वारा प्रस्तुत कुंभ थीम के जरिए साधु, रुद्र और भगवान शिव की दिव्यता को दर्शाया गया, जिसने दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभूति कराई।

SP_Singh AURGURU Editor