सपा सांसद सुमन पर हमले के विरोध में एक मई को सपा का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

आगरा। दलितों पर अत्याचार के विरोध और पीड़ित परिवारों से मिलने बुलंदशहर जा रहे सपा सांसद रामजीलाल सुमन और सपा के वरिष्ठ नेताओं के काफिले पर गभाना टोल से पहले करणी सेना द्वारा पथराव और टायर फेंके जाने के बावजूद उनके खिलाफ कोई भी कार्रवाई न होने से नाराज सपा एक मई को प्रदेशभर में प्रदर्शन करने जा रही है।

Apr 29, 2025 - 20:41
 0
सपा सांसद सुमन पर हमले के विरोध में एक मई को सपा का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

राणा सांगा के खिलाफ विवादित बयान देने का करणी सेना सपा सांसद सुमन का कड़ा विरोध कर रही है। करणी सेना ने सबसे पहले सांसद सुमन के आवास पर बवाल किया था। इसके बाद राणा सांगा की जयंती पर रक्त स्वाभिमान रैली कर अपना दमखम दिखा चुकी हैं। बाद में बुलंदशहर जाते समय विरोध ने इस मुद्दे को और अधिक हवा दे दी है। 

सपा सांसद लगातार अपनी हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए अपने कथन से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उनके साथ सपा का राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय संगठन पूरे दमखम से जुड़ा हुआ।  

सपा ने सुमन पर हमले के विरोध में एक मई को हर जिले में प्रदर्शन की घोषणा की है। प्रदर्शन के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने सभी जिला अध्यक्षों, सांसदों, विधायकों, जिला पंचायत सदस्यों, विधान परिषद सदस्य, मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को अपने अपने जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए हैं। प्रदर्शन के बाद सपा जिला मुख्यालयों पर सपा नेता राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन ज़िलाधिकारी को सौंपेंगे।