आतंकवाद को करारा जवाब अब राष्ट्रीय संकल्प, सेना को खुली छूट: पीएम मोदी
नई दिल्ली। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार की ओर से सख्त रुख अपनाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उच्च स्तरीय बैठक के बाद कहा कि आतंकवाद को करारा जवाब देना अब राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने कहा कि सेना की सेवा-क्षमता पर सरकार को पूरा भरोसा है, और कार्रवाई के लिए उन्हें (सेना को) पूरी तरह से स्वतंत्र कर दिया गया है।
-प्रधानमंत्री ने उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक में दिया कड़ा संदेश, सीसीएस की बैठक कल
बैठक में प्रधानमंत्री के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुख मौजूद थे। यह बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली, जिसमें पहलगाम हमले के बाद की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
पीएम मोदी ने कहा, सेना को कार्रवाई के लिए पूरी छूट दी गई है। लक्ष्य, समय और तरकीब तय करने का अधिकार उन्हें सौंपा गया है। सेवा की क्षमता पर हमें पूरा भरोसा है। यह करारा जवाब सिर्फ एक कार्रवाई नहीं, बल्कि राष्ट्रीय संकल्प है।
इससे पहले सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के साथ लम्बी बैठक की थी और उसके बाद रक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री के बीच करीब 40 मिनट की बैठक चली थी। इस कड़ी में कल (बुधवार) कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी की बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें आगे की रणनीतिक और कूटनीतिक कदमों पर विचार किया जाएगा। यह महत्वपूर्ण है कि सीसीएस की बैठक एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार होने जा रही है।
गौरतलब है कि शनिवार को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में पर्यटकों पर हमला किया गया, जिसमें 26 पर्यटकों की हत्या कर दी गई थी।