बोदला में गुब्बारे बेच रहे युवक के साथ बड़ा हादसा, हीलियम सिलेंडर फटा, पैर गंभीर रूप से घायल

आगरा के बोदला क्षेत्र में गुब्बारे बेच रहे युवक की मोपेड पर बंधा हीलियम गैस सिलेंडर वाहन की टक्कर के बाद गिरकर फट गया। हादसे में युवक का पैर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

Jan 29, 2026 - 17:09
 0
बोदला में गुब्बारे बेच रहे युवक के साथ बड़ा हादसा, हीलियम सिलेंडर फटा, पैर गंभीर रूप से घायल
सड़क पर घायल पड़े युवक को उठाते लोग।

आगरा। आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र अंतर्गत बोदला इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गुब्बारे बेच रहे एक युवक की मोपेड पर बंधा हीलियम गैस का सिलेंडर अचानक फट गया। तेज धमाके की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपनी मोपेड पर हीलियम गैस सिलेंडर बांधकर गैस के गुब्बारे बेच रहा था। इसी दौरान किसी अन्य वाहन ने उसकी मोपेड को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मोपेड असंतुलित हो गई और उस पर बंधा सिलेंडर सड़क पर गिर पड़ा। गिरते ही सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया।

विस्फोट की चपेट में आकर गुब्बारे बेच रहे युवक का पैर बुरी तरह घायल हो गया। धमाके के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और दर्द से तड़पता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोट के कारण वह काफी देर तक कराहता रहा।

घटना की सूचना मिलते ही थाना जगदीशपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल घायल का इलाज जारी है, वहीं पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और सड़क किनारे इस तरह गैस सिलेंडर ले जाने की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।