रश्मिका मंदाना-विजय देवरकोंडा की शादी का रिसेप्शन कार्ड लीक, सात फेरे 26 फरवरी को, 3 मार्च को पार्टी
रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा 26 फरवरी को शादी कर रहे हैं और 3 मार्च को हैदराबाद में रिसेप्शन होगा। सोशल मीडिया पर शादी और रिसेप्शन का कार्ड वायरल हो रहा है, जिससे जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि तैयारियां काफी पहले से चल रही थीं और शादी उदयपुर में होगी।
हैदराबाद। रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की 26 फरवरी को शादी होने वाली है और शादी का कार्ड लीक हो गया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, अभी तक वेडिंग वेन्यू तय नहीं किया गया है, पर कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि रश्मिका और विजय उदयपुर में शादी करेंगे। इसके बाद 3 मार्च को हैदराबाद में ग्रैंड वेडिंग रिसेप्शन रखा जाएगा। शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और अब फैंस को ऑफिशियल अनाउंसमेंट का इंतजार है।
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी की खबरें पिछले कई महीनों से चल रही थीं। कई बार डेट्स को लेकर अंदाजा लगाया गया, पर अब जाकर डेट कन्फर्म मानी जा रही है। सोशल मीडिया पर लीक हुए वेडिंग इनवाइट के मुताबिक, शादी 26 फरवरी को है। 'इंडियाटुडे' की रिपोर्ट के मुताबिक, इस शादी में परिवार के अलावा करीबी दोस्त और रिश्तेदार ही शामिल होंगे।
शादी की तैयारियां काफी पहले शुरू हो गई थीं, पर रश्मिका और विजय ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन शादी का कार्ड आउट होने से माना जा रहा है कि शादी की बात पक्की है, पर वो इसे बेहद निजी रखना चाहते हैं। हालांकि, यह भी चर्चा है कि शादी भले ही निजी होगी, पर यह भव्य होगी, जिसे उदयपुर या फिर बंजारा हिल्स में आयोजित किया जाएगा।
रिसेप्शन की भी जानकारी दी गई है, और कार्ड के मुताबिक, यह 3 मार्च को हैदराबाद में होगा, जो शाम को 7 बजे से शुरू होगा। रश्मिका और विजय की बात करें, तो उनकी कथित तौर पर अक्टूबर 2025 में सगाई हो गई थी। इसका उन्होंने आधिकारिक तौर पर ऐलान नहीं किया था, पर दोनों की उंगली में सगाई की अंगूठी ने इसकी पुष्टि कर दी थी। वहीं, रश्मिका की फिल्म 'द गर्लफ्रेंड' की सक्सेस पार्टी के दौरान विजय देवरकोंडा उनके साथ खड़े और चियर करते नजर आए थे। यही नहीं, एक वायरल वीडियो में विजय, रश्मिका के हाथ को चूमते भी दिखे थे।
रश्मिका और विजय की लव स्टोरी की बात करें, तो इसकी शुरुआत साल 2018 में हुई थी। तब दोनों तेलुगू फिल्म 'गीता गोविंदम' में साथ काम कर रहे थे। यह फिल्म सुपरहिट रही और रश्मिका-विजय की जोड़ी भी हिट हो गई। इसके बाद दोनों 'डियर कॉमरेड' में नजर आए। उसके बाद से रश्मिका और विजय ने अपने रिश्ते को कभी पब्लिकली स्वीकार नहीं किया, पर वेकेशन के दौरान उनके एक ही लोकेशन की अलग-अलग तस्वीरों ने दोनों के साथ होने का हिंट दिया।
रश्मिका मंदाना का यह दूसरा रिलेशनशिप है। पहले वह एक्टर-डायरेक्टर रक्षित शेट्टी से प्यार करती थीं। दोनों ने साल 2016 में फिल्म 'किरिक पार्टी' के दौरान एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था और फिर 2017 में सगाई कर ली थी। लेकिन आपसी तालमेल की कमी के कारण रश्मिका और रक्षित की 2018 में सगाई टूट गई।