सलीम खान को सांस लेने में तकलीफ, डॉक्टर ने बताया, आईसीयू में चल रहा इलाज
सलमान खान के पिता सलीम खान का हेल्थ अपडेट सामने आया है। लीलावती अस्पताल के एक डॉक्टर ने कहा कि उनका ICU में इलाज चल रहा है। वहीं सलमान के एक करीबी दोस्त ने बताया कि सलीम खान को सांस लेने में तकलीफ हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर स्क्रिप्टराइटर और सलमान खान के पिता सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें आईं तो फैंस घबरा गए। सलमान एंड फैमिली तुरंत ही सलीम खान को लेकर लीलावती अस्पताल पहुंची थी। कहा जा रहा था कि वह आईसीयू में भर्ती हैं। हालांकि, सलीम खान के तबीयत को लेकर परिवार की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, पर परिवार से जुड़ी करीबी सूत्रों ने उनका हेल्थ अपडेट दिया है। लीलावती अस्पताल से एक डॉक्टर ने हमारे सहयोगी 'ईटाइम्स'से बातचीत में कन्फर्म किया कि सलीम खान अभी आईसीयू में भर्ती हैं, पर और जानकारी नहीं दी।
वहीं, 'बॉलीवुड हंगामा' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान के एक करीबी दोस्त ने बताया, 'सलीम साहब की हालत सीरियस है। हम सभी चिंतित हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि वह जल्दी ठीक होकर वापस घर लौट आएं।' इससे पहले सलमान के दोस्त ने बताया था कि सलीम खान को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, जिसके बाद सलमान और परिवार के लोग तुरंत ही उन्हें लेकर अस्पताल भागे। हालांकि, अभी वह पहले से काफी ठीक हैं।
17 फरवरी को दोपहर में सलीम खान के लीलावती अस्पताल में भर्ती होने की खबर आई थी। तुरंत ही सलमान समेत परिवार के तमाम लोग सलीम खान से मिलने अस्पताल पहुंचने लगे थे। सलमान के बहनोई आयुष शर्मा, बहन अलवीरा और जीजा अतुल अग्निहोत्री भी लीलावती अस्पताल में नजर आए। सलीम खान के टेस्ट और चेकअप होने के कुछ घंटे बाद ही सलमान और आयुष अस्पताल से बाहर निकलते दिखे। उनके साथ सिक्योरिटी गार्ड्स भी मौजूद थे।
सलीम खान की दूसरी पत्नी हेलन भी उनसे मिलने अस्पताल पहुंचीं और दुखी नजर आईं। 'पीटीआई' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सलीम खान को मंगलवार, 17 फरवरी की सुबह लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अभी उनकी मेडिकल जांच चल रही है और हालत में सुधार बताया जा रहा है।
सलीम खान ने दो महीने पहले ही अपना 90वां बर्थडे मनाया था। वह 24 नवंबर 2025 को 90 साल के हुए थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक्टिंग से की थी। दर्जनभर फिल्मों में एक्टिंग करने के बाद भी सलीम खान को खास सफलता नहीं मिली, जिसके बाद वह राइटिंग की ओर मुड़ गए। सलीम खान स्क्रिप्टराइटर बन गए और जावेद अख्तर के साथ मिलकर कई हिट फिल्मों की कहानी और डायलॉग लिखे, जिनमें 'सीता और गीता', 'जंजीर', 'दीवार', 'शोले', 'त्रिशूल', 'क्रांति' और 'डॉन' जैसी फिल्मों का नाम शामिल है।