एग्जिट पोल के अनुसार बिहार में एक बार फिर एनडीए की बन रही सरकार
बिहार की सभी 243 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। मंगलवार दूसरे चरण की वोटिंग के साथ ही अब नतीजों पर नजर है। असली नतीजे 14 नवंबर को आएंगे लेकिन उससे पहले एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने लगे हैं। एग्जिट पोल के रुझानों ने सियासी माहौल गरमा दिया है। मैटराइज-आईएएनएस के पोल में एनडीए गठबंधन को दो-तिहाई बहुमत मिलता दिख रहा है, जबकि महागठबंधन को 70 से 90 सीटें मिलने का अनुमान है। इसके साथ ही, पीपुल्स पल्स एग्जिट पोल ने भी एनडीए को स्पष्ट बढ़त देते हुए 133-159 सीटें और 46.2% वोट शेयर मिलने की भविष्यवाणी की है।
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के एग्जिट पोल के नतीजे आने लगे हैं। अगर, एग्जिट पोल के रुझान वास्तविक नतीजों में बदलते हैं, तो ये बिहार में मौजूदा नेतृत्व के लिए बड़ी जीत होगी। इस बार ज्यादा वोटिंग होने की वजह से एग्जिट पोल को लेकर लोगों में क्यूरियोसिटी काफी बढ़ गई। हर कोई जानना चाहता है कि क्या नीतीश कुमार एक बार फिर सत्ता बरकरार रखने में कामयाब होते हैं या फिर तेजस्वी यादव की ताजपोशी होगी।
सभी प्रमुख एजेंसियों ने एनडीए को दो-तिहाई बहुमत के करीब सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। एनडीए गठबंधन की प्रचंड लहर दिख रही है। मैटराइज-आईएएनएस के एग्जिट पोल में एनडीए को सबसे अधिक 147 से 167 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई है, जो स्पष्ट रूप से 'सुनामी' की ओर इशारा करता है। दैनिक भास्कर ने भी एनडीए को 145-160 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। वहीं, पीपुल्स पल्स (133-159 सीटें) और पीपुल्स इंसाइट (133-148 सीटें) जैसे पोल्स भी एनडीए को बहुमत के 122 के आंकड़े से काफी ऊपर दिखाते हुए स्पष्ट बढ़त दे रहे हैं। इसके विपरीत, महागठबंधन को इन सभी सर्वे में 70 से 102 सीटों के बीच सिमटते हुए दिखाया गया है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मतदान के तुरंत बाद, एग्जिट पोल के रुझानों में एनडीए गठबंधन को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है। पीपुल्स पल्स एग्जिट पोल 2025 के अनुमानों के अनुसार, एनडीए के पक्ष में 46.2% वोट शेयर का अनुमान लगाया गया है। 243 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए आवश्यक 122 के जादुई आंकड़े को एनडीए आसानी से पार करता हुआ दिख रहा है। यह मजबूत बढ़त मौजूदा नेतृत्व के लिए एक बड़ी सफलता की ओर इशारा करती है, हालांकि अंतिम नतीजे मतगणना के दिन ही आएंगे।
वहीं चाणक्य स्ट्रेटजी के सर्वे में एक बार फिर बिहार में नीतीश कुमार की सरकार बनती दिख रही है। इस सर्वे के मुताबिक एनडीए को 130 से 138 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं महागठबंधन को 100 से 108 सीटें जबकि अन्य के खाते में 3 से 5 सीटें जाती दिख रही हैं। एनडीए के भीतर सीटों के हिसाब से सर्वे के नतीजों को देखें तो बीजेपी को 70 से 75 सीटें, वहीं जेडीयू को 52 से 57 सीटें मिलती दिख रही है। वहीं चिराग पासवान की पार्टी को 14 से 19 सीटें मिलती दिख रही हैं। मांझी की पार्टी को 0 से 2 सीटें वहीं उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को 2 से 3 सीटें मिलती दिख रही हैं।
वहीं महागठबंधन के भीतर सीटों की बात करें तो लालू यादव की पार्टी आरजेडी को 75-80 सीटें मिलती दिख रही हैं तो वहीं सहयोगी कांग्रेस को एक बार फिर बिहार में निराशा हाथ लगी है। कांग्रेस को 17 से 23 सीटें मिलती दिख रही है। वहीं लेफ्ट को 10 से 16 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं मुकेश सहनी की पार्टी को 7 से 9 सीटें मिलती दिख रही हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान समाप्त हो चुका है। अंतिम रूप से 67.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो अब तक का सर्वाधिक है। हालांकि, माना जा रहा है कि ये आंकड़ा 70 फीसदी से ज्यादा हो सकता है।