संजय प्लेस में एसीपी का पैदल गश्त, अतिक्रमण और खुले में शराबखोरी पर कार्रवाई, चालान भी काटे गये
आगरा। शुक्रवार रात को एसीपी हरीपर्वत विनायक भोंसले पुलिस की टीम के साथ शहर के सबसे बड़े बिजनेस हब संजय प्लेस की सड़कों पर उतरे तो एक प्रकार से हड़कंप सा मच गया। एसीपी ने पूरे संजय प्लेस में पैदल गश्त की और सुरक्षा के लिहाज से अहम बिंदुओं को नोट किया।
पुलिस टीम के साथ उन्होंने संजय प्लेस में खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान चलाया और अतिक्रमण, अवैध पार्किंग जैसे मुद्दों को लेकर भी चेकिंग की। इस दौरान उन्होंने कार ओ बार जैसी गतिविधियों पर भी नजर दौड़ाई और मौके पर ही बड़ी संख्या में चालान काटे गए।
एसीपी विनायक भोंसले ने दुकानदारों व राहगीरों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याएं भी जानीं। इस दौरान उन्होंने साफ संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासनहीनता और गैरकानूनी गतिविधियां अब किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
पैदल गश्त की यह मुहिम पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशों के क्रम में चलाई जा रही है। इस अभियान के जरिए आमजन में विश्वास भी बढ़ाया जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों ने भी एसीपी की मुहिम का समर्थन किया और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की बात कही।