चुनावी जीत के बाद तारिक रहमान ने बताया प्लान, 'भारत-पाकिस्‍तान-चीन से रिश्‍ते, शेख हसीना, सार्क' पर की बात

बांग्लादेश में इस हफ्ते हुए चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को बड़ी जीत मिली है। बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान देश के नए पीएम बनने जा रहे हैं। उन्होंने अपनी सरकार की नीति पर बात की है।

Feb 14, 2026 - 20:19
 0
चुनावी जीत के बाद तारिक रहमान ने बताया प्लान, 'भारत-पाकिस्‍तान-चीन से रिश्‍ते, शेख हसीना, सार्क' पर की बात

ढाका। बांग्लादेश के भावी प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भारत समेत पड़ोसी देशों से रिश्ते में संतुलन और एशिया में सार्क जैसे गुट को ताकतवर करने पर जोर दिया है। बांग्लादेश चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने वाली बीएनपी के मुखिया तारिक रहमान ने कहा है कि उनकी सरकार किसी एक देश पर केंद्रित पॉलिसी नहीं अपनाएगी। भारत, पाकिस्तान, चीन और अमेरिका से रिश्ते में संतुलन पर बीएनपी नेता ने कहा कि उन्होंने हमारी पॉलिसी सभी देशों के लिए एक समान होगी।

तारिक रहमान ने कहा है कि हम सभी से दोस्ताना संबंध बनाने पर काम करेंगे। तारिक रहमान की जीत के बाद बांंग्लादेश के भारत से रिश्ते पर कई तरह की बातें कही जा रही हैं। पारंपरिक रूप से बीएनपी का रुख पकिस्तान के लिए नरम और भारत के लिए कड़ा रहा है। हालांकि तारिक दोनों देशों से रिश्ते में संतुलन रखने की बात कह रहे हैं।

चीन के साथ सुधारने और खासतौर से बीआरआई में शामिल होने का संकेत तारिक रहमान ने दिया है। उन्होंने कहा कि हम देखेंगे कि क्या इससे बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था को मदद मिलती है। चीन के बीआरआई  (बेल्ट एंड रोड प्रोजेक्ट) से अगर हमारे देश की इकॉनमी में सुधार होता है तो हम इसका हिस्सा बनने पर सोंचेंगे।

बीएनपी चीफ तारिक रहमान ने अपनी पार्टी की चुनावी जीत को डेमोक्रेसी की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि हम चाहेंगे कि चीजें आगे कानूनी हिसाब से चलें। शेख हसीना को भारत से वापस लाने के मुद्दे पर तारिक रहमान ने कहा कि यह कानूनी तरीके पर निर्भर करता है। उन्होंने इसे दिल्ली के साथ उठाने का संकेत दिया है।

तारिक रहमान ने शनिवार को कहा कि हम यह पक्का करने के लिए काम करेंगे कि देश में फिर से तानाशाही ना आ सके। अगर सरकार और विपक्ष अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए काम करेंगे तो देश में डेमोक्रेसी जरूर एक इंस्टीट्यूशनल रूप ले लेगी। इससे हम एक सुरक्षित भविष्य वाले मजबूत लोकतांत्रिक देश में बदलेंगे।

बांग्लादेश में 12 फरवरी को 299 संसदीय सीटों के लिए चुनाव हुआ है। इसमें बीएनपी की अगुवाई वाले एलायंस को 212 और जमात के नेतृत्व वाले गठबंधन को 77 सीटें मिली हैं। शेख हसीना की पार्टी अवामी लोग को चुनाव में हिस्सा लेने से रोक दिया गया था। हसीना का 15 साल का शासन अगस्त 2024 में हिंसक प्रदर्शनों के चलते खत्म हो गया था।