वैश्विक निर्यात की धुरी बनेगा आगरा: दो दिवसीय उत्तर प्रदेश निर्यात सम्मेलन 2026 में होगा निर्यात विज़न 2030 का मंथन, उत्कृष्ट निर्यातकों को मिलेगा एक्सपोर्ट ग्रोथ कैटेलिस्ट अवॉर्ड

आगरा एक बार फिर वैश्विक व्यापार और निर्यात संवाद के केंद्र के रूप में उभरने जा रहा है। भारत और उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय निर्यात मानचित्र पर अधिक सशक्त, प्रतिस्पर्धी और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 9 और 10 जनवरी को होटल डबल ट्री बाय हिल्टन, आगरा में दो दिवसीय उत्तर प्रदेश निर्यात सम्मेलन 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में निर्यात क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले उद्यमियों को एक्सपोर्ट ग्रोथ कैटेलिस्ट अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया जाएगा।

Jan 5, 2026 - 19:58
 0
वैश्विक निर्यात की धुरी बनेगा आगरा: दो दिवसीय उत्तर प्रदेश निर्यात सम्मेलन 2026 में होगा निर्यात विज़न 2030 का मंथन, उत्कृष्ट निर्यातकों को मिलेगा एक्सपोर्ट ग्रोथ कैटेलिस्ट अवॉर्ड
आगामी नौ और दस जनवरी को होने जा रहे उत्तर प्रदेश निर्यात सम्मेलन के सोमवार को हुए उद्घोषणा समारोह में मौजूद लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार एवं अन्य़।

आगरा। उत्तर प्रदेश निर्यात सम्मेलन 2026–27 की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में कमला नगर स्थित उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष एवं निर्यात सम्मेलन समिति के संरक्षक राकेश गर्ग के कार्यालय पर आयोजित उद्घोषणा समारोह में एक्सपोर्ट ग्रोथ कैटेलिस्ट अवॉर्ड 2026 की औपचारिक घोषणा की गई।

यह दो दिवसीय सम्मेलन आगामी 9 एवं 10 जनवरी को होटल डबल ट्री बाय हिल्टन, आगरा में आयोजित होगा। सम्मेलन की थीम “वैश्विक भविष्य के लिए भारत व उत्तर प्रदेश के निर्यात को सशक्त बनाना” निर्धारित की गई है।

उद्घोषणा समारोह को संबोधित करते हुए राकेश गर्ग ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में निर्यात ही आर्थिक सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। तेजी से बदलते अंतरराष्ट्रीय व्यापार परिदृश्य में उद्यमियों को नए देशों, नए बाजारों और उभरती संभावनाओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उत्तर प्रदेश निर्यात सम्मेलन इसी सोच के साथ प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक मंच प्रदान करेगा।

संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार ने बताया कि सम्मेलन में निर्यातकों को विभागीय योजनाओं, प्रोत्साहनों और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। सम्मेलन स्थल पर ही निर्यात पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की निर्यात प्रोत्साहन नीतियों पर मार्गदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि आगरा से प्रतिवर्ष छह हजार करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात होता है, जिसमें लेदर, मार्बल, फूड प्रोसेसिंग और इंजीनियरिंग गुड्स प्रमुख हैं। मथुरा से सेनेटरी फिटिंग व परिधान, फिरोजाबाद से कांच, मैनपुरी से चावल व परिधान, हाथरस से हींग तथा पूरे आगरा मंडल से हस्तशिल्प उत्पादों का हजारों करोड़ रुपये का निर्यात किया जाता है।

प्रोग्राम कन्वीनर मनीष अग्रवाल रावी ने बताया कि सम्मेलन में भारत एवं उत्तर प्रदेश का निर्यात विज़न 2030, वैश्विक व्यापार रुझान, नए अंतरराष्ट्रीय बाजार, एमएसएमई व ओडीओपी निर्यात सशक्तिकरण, डिजिटल एवं ई-कॉमर्स निर्यात, गुणवत्ता, पैकेजिंग व वैश्विक अनुपालन, निर्यात वित्त, बीमा व जोखिम प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स व सप्लाई चेन आधुनिकीकरण, महिला उद्यमिता, निर्यात स्टार्टअप्स, ग्रीन एवं सतत निर्यात पर विशेषज्ञ सत्र, पैनल चर्चा और बी2बी नेटवर्किंग आयोजित की जाएगी।
समापन सत्र में एक्सपोर्ट ग्रोथ कैटेलिस्ट अवॉर्ड 2026 के अंतर्गत दो दर्जन से अधिक निर्यातकों को सम्मानित किया जाएगा।

लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल और आयोजन समिति से जुड़े नितिन गोयल ने बताया कि सम्मेलन में आगरा मंडल के सभी जिलों से छह सौ से अधिक उद्यमी सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम के समन्वयक दिलीप कुमार, अपरार्क शर्मा एवं अनिल सविता उपस्थित रहे।

इस आयोजन में लघु उद्योग भारती, चेंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन आगरा, आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैंबर, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, आगरा कोल्ड स्टोरेज ओनर्स एसोसिएशन, नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स जैसी प्रमुख संस्थाएं शामिल हैं।

SP_Singh AURGURU Editor