आगरा में सिरफिरे आशिक ने लड़की का नहाते का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला, आईटी एक्ट में केस दर्ज
आगरा। आगरा के एत्मादुद्दौला क्षेत्र में एक सिरफिरा आशिक हर बार हद पार करता गया। एक मुकदमा दर्ज होने के बाद भी लड़की को परेशान करना नहीं छोड़ा तो अब उसके खिलाफ एक और मुकदमा साइबर थाने में दर्ज कराया गया है। आईटी एक्ट में दर्ज इस मुकदमे की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।
-गाजियाबाद ले जाकर रचाई थी जबरन शादी, सोशल मीडिया का नहाते हुए का वीडियो डाला, कोर्ट के बयान भी कर दिए वायरल
इस सिरफिरे ने पहले नाबालिग पड़ोसी लड़की से नजदीकियां बढ़ाईं, फिर उसे अश्लील फोटो और वीडियो के ज़रिए ब्लैकमेल कर गाजियाबाद ले जाकर जबरन शादी रचा ली। दो महीने तक उसे पत्नी बनाकर रखा। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा तो दर्ज हो गया, लेकिन लड़की की बरामदगी के लिए पुलिस ने कुछ नहीं किया। इसके बाद परिवारीजनों ने हाईकोर्ट में रिट दायर की थी। हाईकोर्ट ने इस याचिका पर आगरा पुलिस को आदेश दिया था कि एक माह के अंदर लड़की को बरामद कर कोर्ट में उसके बयान कराएं।
हाईकोर्ट के इस आदेश को हुए एक सप्ताह भी नहीं बीता था कि लड़की नाटकीय ढंग से थाना एत्मादुद्दौला पहुंच गई। यहां उसने पुलिस को बयान दिया कि वह अपने परिवार के बजाय लड़के के साथ ही रहना चाहती है। परिवारीजनों ने पुलिस से कहा कि लड़की नाबालिग है। परिजनों ने लड़की के शैक्षिक प्रमाण पत्र भी दिए, जिसमें वह नाबालिग थी। बाद में पुलिस ने मेडिकल कराया तो वहां भी लड़की को नाबालिग बताया गया।
इसके बाद कोर्ट में लड़की के बयान दर्ज कराए गए, जहां उसने बताया कि आरोपी ने उसके अश्लील फोटो खींच लिए थे और वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इसी वजह से वह वही कर रही थी जो आरोपी बोल रहा था। कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद लड़की को सीडब्लूसी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
चाइल्ड राइट्स एक्टिविस्ट नरेस पारस ने बताया कि लड़की के परिवार में वापस पहुंचने के बाद भी उत्पीड़न का सिलसिला थमा नहीं। आरोपी पुष्पेंद्र सिंह लगातार सोशल मीडिया पर लड़की के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करता रहा। इंस्टाग्राम पर लड़की का नहाते हुए वीडियो डाल दिया। और भी अश्लील फोटो पोस्ट किए। एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया, जिसकी डीपी पर अपना और लड़की का फोटो लगा लिया। हद तो तब हो गई जब उसने न्यायालय में दर्ज लड़की के बयान भी वायरल कर दिए।
सिरफिरे की इन हरकतों से तंग आकर लड़की की मां ने नरेस पारस के साथ पुलिस कमिश्रनर, डीसीपी सिटी से मुलाकात की और अब आरोपी पुष्पेंद्र सिंह के खिलाफ साइबर थाने में आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज हुआ है। लड़की की मां द्वारा लिखाए गए मुकदमे में कहा गया है कि बेटी के अश्लील फोटो उनके परिवार के नंबरों पर भेज रहा है। बेटी को उठाकर ले जाने की धमकी देता है। आरोपी पुष्पेंद्र की वजह से उनकी बेटी घर के बाहर भी नहीं निकल पा रही है। आरोपी का बाहर रहना खतरनाक है।