आगरा में कारोबारी का परिवार था बाहर, चोरों ने घर में घुसकर लाखों की ज्वेलरी और नकदी पार कर दी

आगरा। थाना एत्मादुदौला क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बना डाला। यमुना ब्रिज के नगला फतूरी इलाके में एक बंद मकान से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी हो गई। चोरों ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।

Oct 26, 2025 - 18:01
 0
आगरा में कारोबारी का परिवार था बाहर, चोरों ने घर में घुसकर लाखों की ज्वेलरी और नकदी पार कर दी

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार डब्बे के कारोबारी हैं। परिवार की एक लड़की की शादी राजस्थान के कोटा शहर में थी, जिसके चलते पूरा परिवार शादी में शामिल होने के लिए आगरा से बाहर गया हुआ था। इस दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाया।

रात के समय चोर यमुना ब्रिज रेलवे मालगोदाम की तरफ से दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए। उन्होंने मकान के ताले चटकाए और पूरे घर को खंगाल डाला। चोरों ने सात तोला सोना, करीब एक किलो चांदी और 1,75,000 रुपये नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

घटना का पता तब चला जब पास में रहने वाले कारोबारी के बहनोई ने सुबह घर के खुले दरवाजे देखे। उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी। सुबह-सुबह जब परिवार आगरा पहुंचा और घर के अंदर का नज़ारा देखा तो उनके होश उड़ गए। कमरों का सामान बिखरा पड़ा था, अलमारियां टूटी हुईं मिलीं और जेवर व नकदी गायब थी।

सूचना मिलते ही थाना एत्मादुदौला पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ छानबीन शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

SP_Singh AURGURU Editor