होली से पहले ‘मिठास’ पर वार, आगरा में 1320 किलो मिलावटी खोया जब्त, मौके पर ही दफन
आगरा में होली से पहले प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1320 किलो मिलावटी खोया जब्त किया। राजस्थान से लाए जा रहे इस खोये की कीमत लगभग 2.37 लाख रुपये थी। जांच में मिलावट की पुष्टि होने पर पूरे माल को जेसीबी से दबाकर नष्ट कर दिया गया। संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। त्योहार के मद्देनज़र मिलावट के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
आगरा। होली के त्योहार से ठीक पहले आगरा प्रशासन ने मिलावटखोरों पर बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने 1320 किलो मिलावटी खोया पकड़कर उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया। त्योहारी सीजन में मिलावटी मिठाइयों की बढ़ती आशंका को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है।
बोलेरो पिकअप में भरकर लाया जा रहा था खोया
विशेष जांच अभियान के दौरान बरौली अहीर, शमशाबाद रोड पर एक बोलेरो पिकअप को रोका गया। वाहन में भारी मात्रा में खोया लदा मिला, जो राजस्थान से आगरा लाया जा रहा था। जांच के दौरान 1320 किलो खोया मिलावटी पाया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे माल को जब्त कर लिया।
2.37 लाख का माल जेसीबी से दबवाया
जब्त किए गए खोये की अनुमानित कीमत लगभग 2,37,600 रुपये आंकी गई। मिलावट की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए पूरे खोये को जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबवा दिया, ताकि वह बाजार में न पहुंच सके। विभाग ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिलावटखोरों पर जारी रहेगी सख्ती
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने साफ किया है कि होली जैसे बड़े त्योहारों पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि मिठाई या अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की मिलावट की सूचना तुरंत विभाग को दें।