अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव ने पत्नी अपर्णा यादव से तलाक का किया सार्वजनिक ऐलान, इंस्टाग्राम पोस्ट में बयां किया दर्द, बोले- अपर्णा बहुत स्वार्थी, उसने परिवार परिवार से रिश्ते खराब कर दिए, वह बस खुद प्रभावशाली बनना चाहती है, मेरी मानसिक स्थिति खराब पर उसे इसकी चिंता नहीं

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के एक ताज़ा इंस्टाग्राम पोस्ट ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है। सोमवार सुबह सामने आए इस पोस्ट में प्रतीक यादव ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि वह अपनी पत्नी अपर्णा यादव से जल्द तलाक लेने जा रहे हैं। पोस्ट में प्रयुक्त भाषा तीखी, भावनात्मक और सीधे आरोपों से भरी हुई है, जो उनके गहरे मानसिक द्वंद्व और पारिवारिक टूटन की ओर इशारा करती है।

Jan 19, 2026 - 13:03
 0
अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव ने पत्नी अपर्णा यादव से तलाक का किया सार्वजनिक ऐलान, इंस्टाग्राम पोस्ट में बयां किया दर्द, बोले- अपर्णा बहुत स्वार्थी, उसने परिवार परिवार से रिश्ते खराब कर दिए, वह बस खुद प्रभावशाली बनना चाहती है, मेरी मानसिक स्थिति खराब पर उसे इसकी चिंता नहीं
अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की फाइल फोटो।

प्रतीक यादव ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में अपर्णा यादव को स्वार्थी बताते हुए लिखा कि उन्होंने उनके परिवार के रिश्ते खराब कर दिए। पोस्ट के अनुसार, अपर्णा यादव केवल मशहूर और प्रभावशाली बनना चाहती हैं। प्रतीक ने लिखा- मेरी मानसिक हालत खराब है और अपर्णा को कोई परवाह नहीं है। प्रतीक यादव ने यह भी लिखा कि वे खुद को बदकिस्मत मानते हैं कि उनका विवाह अपर्णा यादव से हुआ। प्रतीक ने इस पोस्ट के साथ अपर्णा यादव की तस्वीर भी साझा की है, जिससे मामला और अधिक सार्वजनिक और संवेदनशील हो गया है।

गौरतलब है कि अपर्णा यादव वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी की नेता हैं और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। ऐसे में महिला अधिकारों से जुड़े संवैधानिक पद पर आसीन शख्सियत को लेकर इस तरह का निजी विवाद सामने आना चर्चा का केंद्र बन गया है। प्रतीक यादव का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है और लोग इसे लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, प्रतीक यादव और अपर्णा यादव के बीच संबंध पिछले कुछ समय से सहज नहीं चल रहे। इससे पहले भी प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से इशारों-इशारों में अपने मानसिक तनाव और पारिवारिक पीड़ा को जाहिर किया था।

अपर्णा यादव और प्रतीक यादव का विवाह 4 नवंबर 2011 को हुआ था। दोनों की दो बेटियां हैं। शादी का समारोह काफी भव्य था, उस वक्त सपा परिवार के प्रमुख मुलायम सिंह यादव भी जीवित थे और पार्टी में किसी भी प्रकार का कोई टकराव नहीं था। इस शादी में अमिताभ बच्चन से लेकर देश की तमाम हस्तियां भी शरीक हुई थीं।

प्रतीक यादव ने अचानक ही अपर्णा से तलाक का ऐलान किया है क्योंकि बीते 4 दिसंबर 2025 को अपर्णा यादव का जब जन्मदिन था, तो प्रतीक उनके साथ ही थे, लेकिन अब प्रतीक का इंस्टा पोस्ट स्पष्ट संकेत दे रहा है कि दोनों के बीच रिश्ते कुछ खास अच्छे नहीं रहे हैं।अब प्रतीक यादव के इस खुले ऐलान ने उनके निजी रिश्ते को सार्वजनिक बहस में बदल दिया है। फिलहाल इस पूरे मामले पर अपर्णा यादव की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

यह प्रकरण केवल एक पारिवारिक विवाद नहीं रह गया है, बल्कि इसमें राजनीति, सामाजिक छवि, मानसिक स्वास्थ्य और सार्वजनिक पद जैसे कई संवेदनशील पहलू जुड़ गए हैं। आगे की स्थिति पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।

SP_Singh AURGURU Editor