सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी बोले- पाकिस्तान के साथ बहुत जल्द हो सकता है अगला युद्ध
चेन्नई। भारतीय थल सेना के प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ऑपरेशन सिंदूर के बीच एक सनसनीखेज चेतावनी जारी की है कि पाकिस्तान के साथ अगला युद्ध जिसकी हम कल्पना कर रहे हैं, वह बहुत जल्द हो सकता है। उन्होंने कहा, हमें उसी के अनुसार तैयारी करनी होगी और इस बार हमें मिलकर यह लड़ाई लड़नी होगी।
-ऒपरेशन सिंदूर में हमें फ्री हैंड दिया गया, राजनीतिक दिशा और स्पष्टता का ऐसा उदाहरण हमने पहली बार देखा
सेना प्रमुख ने कहा कि हमने यह पहली बार हुआ कि हमें फ्री हैंड दिया गया। हमसे कहा गया कि जो करना है, आप तय करें। राजनीतिक दिशा और स्पष्टता का ऐसा उदाहरण हमने पहली बार देखा।
जनरल द्विवेदी ने यह बात आईआईटी मद्रास में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर पर विस्तार से बोलते हुए बताया कि 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या कर पूरे देश को झकझोर दिया था। इसके बाद भारतीय सेना को पूर्ण फ्री हैंड दिया गया था कि जो करना है, वह तय करें। उन्होंने कहा, 23 अप्रैल को रक्षा मंत्री ने पहली बार कहा कि अब बहुत हो गया। तीनों सेना प्रमुख इस बात पर एकमत थे कि कुछ किया जाना चाहिए।
जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने बताया कि 25 अप्रैल को हम उत्तरी कमान में गए। वहीं पर हमने सोचा, योजना बनाई। अवधारणा तैयार की और उसे अमल में लाए। हमने नौ में से सात आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया और बड़ी संख्या में आतंकियों का सफाया किया गया। 29 अप्रैल को पहली बार प्रधानमंत्री से उनकी मुलाकात हुई।
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को शतरंज की एक जटिल खेल की तरह बताया, जहां दोनों पक्ष अपनी चाल चलते हैं और अनिश्चितता के बीच रणनीति को अमल में लाते हैं। उन्होंने कहा, इसे ग्रे जोन कहते हैं। हम पारंपरिक युद्ध नहीं कर रहे थे, बल्कि उससे पहले वाली रणनीति अपना रहे थे।
साथ ही, उन्होंने पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख असीम मुनीर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि युद्ध में नैरेटिव मैनेजमेंट का बड़ा रोल होता है। अगर आप किसी पाकिस्तानी से पूछें कि आप हारे या जीते, तो वह कहेगा कि उनके आर्मी चीफ असीम मुनीर को फील्ड मार्शल बना दिया गया है।
इससे पहले, भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने खुलासा किया था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के छह विमान मार गिराए और कई एयरबेस को तबाह किया। इनमें पांच पाकिस्तानी लड़ाकू विमान और एक इंटेलिजेंस कलेक्ट करने वाला टोही विमान शामिल था।
एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने बताया था कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत के एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान के पांच लड़ाकू विमानों को लगभग 300 किलोमीटर की दूरी से मार गिराया। इसके अलावा पाकिस्तानी जैकोबाबाद एयरबेस पर खड़े F-16 विमानों को भी निशाना बनाया गया।