सेना में लेफ्टिनेंट का अकोला में गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार

आगरा।सेना में लेफ्टिनेंट अकोला निवासी 24 वर्षीय आजाद सिंह चाहर का आज गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सभी की आंखों में आंसू थे।

Mar 5, 2025 - 20:37
 0
सेना में लेफ्टिनेंट का अकोला में गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
सेना में लेफ्टिनेंट आजाद सिंह के पार्थिव शरीर को कंधा देते सांसद राजकुमार चाहर के पुत्र शूरवीर चाहर।

लेफ्टिनेंट आजाद सिंह करीब 15 दिन से बीमार चल रहे थे। उपचार के दौरान मंगलवार की रात को दिल्ली के सैनिक अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर बुधवार दोपहर करीब 3 बजे उनके पैतृक गांव अकोला लाया गया। जहां सैनिक सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। छोटे भाई अभिषेक चाहर ने उन्हें मुखाग्नि दी।

थाना कागारौल के कस्बा अकोला निवासी हाल निवासी पुष्पधाम कॉलोनी मथुरा के लेफ्टिनेंट आजाद के पिता गजेंद्र सिंह ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं। आजाद सिंह चाहर, आकाश चाहर और अभिषेक चाहर । बड़ा बेटा आजाद सिंह चाहर 1 जुलाई 2019 को एनडीए में भर्ती हुआ था। 10 जून 2023 को आईएमए देहरादून से पासिंग आउट करके वह सेना में अफसर बना था। 

पिता ने बताया कि वर्तमान में आजाद सिंह चाहर 22 मीडियम रेजिमेंट जम्मू कश्मीर के बारामूला में लेफ्टिनेंट के पद पर तैनात था। आजाद सिंह चाहर का करीब 15 दिन से दिल्ली के सैनिक अस्पताल में उपचार चल रहा था। मंगलवार की रात को उपचार के दौरान लेफ्टिनेंट की मृत्यु हो गई। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे आजाद सिंह चाहर के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर कंपनी के जवान उनके पैतृक गांव अकोला स्थित आवास पर पहुंचे। 

सैन्य वाहन से पार्थिव शरीर उतारते ही अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शाम करीब 5 बजे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 

इस दौरान जहां माहौल गमगीन था, वहीं सैनिक के सम्मान में युवाओं की टोली ने जोरदार नारेबाजी की। सैनिक के पार्थिव शरीर का ताबूत खोलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। मां सुनीता देवी का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। करुण क्रंदन देख कर भीड़ में हर आंख नम हो गई। इसके बाद अंतिम यात्रा शुरू हुई। सेना की टुकड़ी ने उन्हे सलामी दी। 

भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुरसीकरी के सांसद राजकुमार चाहर के पुत्र शूरवीर चाहर, नवनियुक्त रालोद जिलाध्यक्ष गोविंद शर्मा, समाजसेवी अरविंद चाहर, भाजपा नेता अशोक लवानियां, नीरज चाहर, कैप्टन महेश चाहर, उम्मेद सिंह, नेत्रपाल सिंह, गुड्डू पहलवान, मंजीत फौजी, योगेंद्र फौजी आदि लोगों ने श्रद्धांजलि दी।