आगरा के दौरैठा का असगर किरावली-सीकरी में कर रहा था चोरियां, पकड़ा गया
आगरा। किरावली कस्बे में बंद घर को निशाना बनाकर की गई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। घटना नौ जून की है, जब विनोद नामक व्यक्ति अपने परिवार के साथ मध्यप्रदेश एक कार्यक्रम में गया हुआ था। इसी दौरान उनके घर में चोरी की गई थी। घर से सोने-चांदी के आभूषण और एक लाख रुपये कैश चोरी हुआ था।
-विगत नौ जून को किरावली में एक सूने घर में की थी सोने-चांदी के आभूषणों और एक लाख नकदी की चोरी
किरावली पुलिस ने इस मामले में आज एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो रैकी कर ताला बंद मकानों को निशाना बनाता था। गिरफ्तार आरोपी दौरैठा, शाहगंज, आगरा निवासी असगर पुत्र सुक्खी है और पहले भी कई चोरियों को अंजाम दे चुका है। डीसीपी पश्चिमी अतुल शर्मा ने बताया कि आरोपी नौ जून को कस्बे में एक लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चुराकर फरार हो गया था।
डीसीपी ने बताया कि आरोपी के कब्जे से करीब 30 हजार रुपये नकद, आभूषण और एक तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फतेहपुर सीकरी और किरावली क्षेत्र में भी चोरी करता रहा है। उस पर पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं और कुछ चोरियों की रिपोर्ट थाने में दर्ज ही नहीं कराई गई थीं।
डीसीपी ने बताया कि आरोपी ने चोरी के आभूषण कहां बेचे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जिन लोगों ने चोरी का सामान खरीदा, उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।