आशुतोष दीक्षित बने भारतीय वायु सेना के नए प्रमुख, 31 अक्टूबर को संभालेंगे कार्यभार, अधिसूचना की गई जारी
भारतीय वायु सेना के प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने के बाद एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित का कार्यकाल 31 दिसंबर, 2028 तक रहेगा।
नई दिल्ली। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को मंगलवार (6 अक्टूबर, 2026) को भारतीय वायु सेना के अगले प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया है। वह 31 अक्टूबर से एयर चीफ मार्शल के पद पर कार्यभार संभालेंगे और उनका कार्यकाल 31 दिसंबर, 2028 तक रहेगा।
इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना में कहा गया, ‘मुझे राष्ट्रपति की तरफ से एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को 31 अक्टूबर, 2026 की दोपहर से एयर चीफ मार्शल के पद पर अगले वायुसेना प्रमुख के रूप में नियुक्त किए जाने की मंजूरी के बारे में सूचित करने का निर्देश दिया गया है। उनका कार्यकाल 31 अक्टूबर, 2028 तक रहेगा।’
एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक, एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को मिराज-2000, मिग फाइटर जेट के कई वेरिएंट्स, एचपीटी-32, एएन-32, एवरो, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस समेत भारतीय वायु सेना में शामिल कई विमानों को उड़ाने का व्यापक अनुभव है। वह एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर भी हैं।
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने अपने करीब 4 दशक लंबे सर्विस करियर के दौरान ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर समेत कई महत्वपूर्ण ऑपरेशंस और सैन्य अभ्यासों में सक्रिय भूमिका निभाई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, स्वदेशी एलसीए तेजस और अन्य स्वदेशी विमान परियोजनाओं के विकास और उन्हें भारतीय वायुसेना में शामिल किए जाने की प्रक्रिया में एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित करीब से जुड़े रहे हैं। ऐसे में उनसे उम्मीद है कि वह भारत के रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की सरकार की पहल को आगे बढ़ाने में सहयोग जारी रखेंगे।