अतिथिवन ने रचा सेवा, समर्पण और स्वावलंबन का नया इतिहास, सदस्यता दिग्दर्शिका का विमोचन
आगरा। समाज के आमजन की आवश्यकताओं को पूर्ण करने के साथ-साथ गौ वंश के संरक्षण, भरण-पोषण और गौशालाओं को स्वावलंबी बनाने के संकल्प के साथ वर्ष 2005 में लोकार्पित अतिथिवन ने बीते दो दशकों में सेवा और समर्पण की मिसाल कायम की है। इसी क्रम में सत्र 2009-10 के लंबे अंतराल के बाद गौ सेवा को समर्पित अद्वितीय भवन अतिथिवन की सदस्यता दिग्दर्शिका (2025-26) का भव्य विमोचन बुधवार रात्रि वाटर वर्क्स चौराहा स्थित अतिथिवन परिसर में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमनःकामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी एवं अतिथिवन के अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद नवीन जैन द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में गौ सेवा से जुड़े अग्रवाल-वैश्य समाज के प्रतिष्ठित समाजसेवी, उद्यमी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महंत योगेश पुरी ने कहा कि गौ माता की सेवा और पूजा से देवी-देवताओं की कृपा स्वतः प्राप्त होती है। उन्होंने गौ वंश की सेवा में समर्पित अतिथिवन की सेवाओं को अनूठा, ऐतिहासिक और समाज के लिए प्रेरणादायक बताया तथा मुक्तकंठ से सराहना की।
अतिथिवन के कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल गोटे वालों ने बताया कि अतिथिवन की संपूर्ण आय का सदुपयोग अग्रवन गौशाला के संचालन एवं विकास में किया जाता है। विगत बीस वर्षों में अतिथिवन द्वारा अग्रवन गौशाला को कई करोड़ रुपये की आय समर्पित की जा चुकी है, जिससे गौ सेवा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचा गया है।
अतिथिवन के सचिव अनूप कुमार गोयल ने कहा कि अतिथिवन पूर्णतया वातानुकूलित, आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित और समाजसेवा को समर्पित एक अद्वितीय भवन है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग को न्यूनतम दरों पर अपनी सेवाएँ उपलब्ध करा रहा है।
सदस्यता दिग्दर्शिका के संपादक आकाश अग्रवाल (हुंडी) ने बताया कि दिग्दर्शिका का प्रकाशन सभी सदस्यों को एक सूत्र में जोड़ने, आपसी समन्वय बढ़ाने और गौ सेवा के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
अतिथिवन के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने सभी आगंतुकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अतिथिवन के आधुनिक स्वरूप, संसाधनों और सुविधाओं के कारण गौ वंश की सेवा और संरक्षण की चर्चा अब चारों दिशाओं में हो रही है।
कार्यक्रम का कुशल संचालन रूप किशोर अग्रवाल एडवोकेट ने किया। मंच पर प्रमोद गर्ग सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
Top of Form
Bottom of Form