महिला सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को व्यवहार का पाठ पढ़ाएंगे बिहेवियरल साइंटिस्ट, आगरा में पांच दिवसीय कार्यशाला आज से
आगरा। महिला अपराधों की रोकथाम और पीड़िताओं के प्रति पुलिस के व्यवहार को अधिक संवेदनशील एवं प्रभावी बनाने के लिए आगरा पुलिस महिला पुलिसकर्मियों और मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण देने जा रही है। इसके तहत 2 से 6 नवंबर तक पुलिस लाइन स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में सोशल बिहेवियर पर पांच दिवसीय व्यवहारिक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शहर और जिले के प्रत्येक थाने के मिशन शक्ति केंद्र पर नियुक्त दो-दो अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करेंगे।
कार्यशाला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से आयोजित होगी। इसके प्रशिक्षण सत्र डॉ. नवीन गुप्ता, बिहेवियरल साइंटिस्ट (व्यवहार वैज्ञानिक) संचालित करेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को सामाजिक व्यवहार, संवाद कौशल, संवेदनशीलता और प्रभावी संप्रेषण के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही महिलाओं और आम नागरिकों के साथ सकारात्मक, सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार विकसित करने पर विशेष जोर रहेगा।
इस पहल का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान को केवल महिला सुरक्षा संबंधी कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए पुलिसकर्मियों के व्यवहार और कार्यशैली में भी सकारात्मक बदलाव लाना है। प्रशिक्षण के माध्यम से महिला अपराधों से जुड़े मामलों में पुलिस की संवेदनशीलता, व्यवहारिक दक्षता और संवाद क्षमता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के प्रयास अधिक प्रभावी बन सकें।