ऐडियो फिएस्टा की रंगीन विदाई: पिया बनीं मिस प्रिल्यूड, आराध्य को मिस्टर प्रिल्यूड का खिताब
आगरा। विदाई अंत नहीं, बल्कि नई उड़ानों की शुरुआत होती है। इसी भाव के साथ प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में ऐडियो फिएस्टा थीम पर आधारित आशीर्वाद एवं फेयरवेल समारोह का आयोजन बुधवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उल्लास, भावनाओं और प्रेरणा से भरे इस आयोजन में कक्षा 12 के विद्यार्थियों को भविष्य की राह के लिए शुभकामनाओं के साथ विदा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित मनोरंजक खेल प्रतियोगिता से हुई, जिसका संचालन हर्ष भारद्वाज ने किया और पूरे सभागार को उत्साह से भर दिया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, निदेशिका श्रीमती सुनीता गुप्ता एवं शलब गुप्ता ने मुख्य अतिथि अशोका ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की चेयरपर्सन डॉ. रंजना बंसल तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. सत्य प्रकाश का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। निर्णायक मंडल में श्रीमती आंचल मगन, श्रीमती प्रेरणा शर्मा एवं डॉ. आकृति गर्ग का भी सम्मान किया गया। विद्यालय के प्राचार्य अरविंद श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी है।
मुख्य अतिथि द्वारा ज्ञान-ज्योति प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ। दीप को एक-दूसरे को सौंपते हुए विद्यार्थियों ने ज्ञान और मूल्यों की लौ को जीवन भर जलाए रखने का संकल्प लिया। कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं गायन ने वातावरण को जीवंत और भावपूर्ण बना दिया।
विद्यालय की शैक्षणिक प्रमुख डॉ. रश्मि गांधी ने मूल्य आधारित शिक्षा, आत्मविश्वास और दक्षता को जीवन का पाथेय बताया। वहीं वरिष्ठ शैक्षणिक समन्वयिका शालिनी देव ने विद्यार्थियों के साथ बिताए पलों को साझा करते हुए लक्ष्यनिष्ठा और परिश्रम से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कक्षा 12 की छात्रा गौरी चतुर्वेदी ने विद्यालय से जुड़ी स्मृतियां साझा कर सभी को भावुक कर दिया। निर्णायक मंडल द्वारा आयोजित प्रश्नोत्तर एवं मूल्यांकन के आधार पर पिया सिंह को मिस प्रिल्यूड और आराध्य सिंह को मिस्टर प्रिल्यूड घोषित किया गया। इसके अतिरिक्त जिया ज़ैदका को मिस फेयरवेल (ला एलिगेंट – बेस्ट ड्रैस्ड गर्ल) तथा ईशान तिवारी को मास्टर फेयरवेल (ले एलिगेंट – बेस्ट ड्रैस्ड बॉय) का खिताब प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. रंजना बंसल ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करने और निरंतर सीखते रहने की प्रेरणा दी। अंत में कक्षा 11 की छात्रा अर्ज़ रागिनी सारस्वत ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह का संचालन कक्षा 11 की छात्राओं साक्षी भोजवानी, अनिरुद्ध भारद्वाज, अक्षर मिश्रा एवं अनन्या शर्मा ने किया।