बजरंग दल का सेवा सप्ताह के अंतर्गत चिकित्सा शिविर, 126 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार
आगरा। विश्व हिंदू परिषद् के सेवा सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत बजरंग दल द्वारा रविवार को शाहगंज स्थित श्री सोमनाथ धाम में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 126 मरीजों का निःशुल्क चिकित्सकीय परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं। शिविर में गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की विशेष रूप से जांच की गई। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी जानकारी भी दी गई।
चिकित्सा शिविर का उद्घाटन ब्रज प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री श्री राजेश व सोमनाथ धाम मंदिर के महंत शंकर नाथ योगी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
प्रांत संगठन मंत्री राजेश ने कहा कि सेवा सप्ताह के माध्यम से बजरंग दल पूरे देश में सामाजिक सेवा का कार्य कर रहा है। देश में जब भी कोई आपदा या संकट आता है, विश्व हिंदू परिषद् हर बार सेवा में आगे रहती है।
महंत शंकर नाथ योगी ने कहा कि संत समाज सदैव निःस्वार्थ सेवा में तत्पर रहता है और भविष्य में भी ऐसे पुण्य कार्यों में सहयोग करता रहेगा।
कार्यक्रम संयोजक रवि त्रिलोकानी ने बताया कि बजरंग दल द्वारा देशभर के 10,000 प्रखंडों में पौधारोपण और चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। आगरा जिले में अब तक 1,000 पौधों का वितरण और 20 स्थानों पर चिकित्सा शिविर लगाए जा चुके हैं।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जहाज नाथ, सुनील पाराशर, राहुल जोशी, अर्पित चित्रांश, शशांक भदौरिया, एलम सिंह, किशोर तेजवानी, गौरव, विनोद माहौर, आकाश वर्मा, के लाल त्रिलोकानी आदि उपस्थित रहे।