बरेली बवाल के आरोपी मौलाना तौकीर का बेटा हिरासत में, तिलहर में रोडवेज बस को मारी टक्कर, कार से संदिग्ध सूटकेस बरामद
बरेली दंगे के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर एक बार फिर सुर्खियों में हैं, इस बार वजह बना उनका बेटा फरमान रजा। शाहजहांपुर से लौटते वक्त तिलहर थाना क्षेत्र में फरमान रजा की तेज रफ्तार कार ने रोडवेज बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार से बरामद सूटकेस और उसमें मिले संदिग्ध नशीले पदार्थों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने फरमान रजा को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है।
-रमेश कुमार सिंह-
बरेली। 26 सितंबर को बरेली में हुए उपद्रव के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर का बेटा फरमान रजा मंगलवार रात एक बार फिर चर्चा में आ गया। फरमान रजा शाहजहांपुर से लौटते समय तिलहर थाना क्षेत्र के कचियानी खेड़ा स्थित हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार कार से रोडवेज बस में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही तिलहर पुलिस मौके पर पहुंची और फरमान रजा को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा कार की तलाशी लेने पर डिग्गी से एक ट्रॉली सूटकेस बरामद हुआ। सूत्रों के अनुसार, सूटकेस में नशीले पदार्थ मिलने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हादसे के बाद रोडवेज बस चालक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फरमान रजा की कार काफी तेज रफ्तार में थी और आशंका है कि वह नशे की हालत में वाहन चला रहा था। इसी एंगल पर पुलिस की जांच केंद्रित है।
तिलहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि फरमान रजा से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि दुर्घटना के समय वह नशे में था या नहीं। साथ ही कार से बरामद सूटकेस और उसके अंदर मिले संदिग्ध पदार्थों की गहन जांच कराई जा रही है।
बरेली दंगे के मास्टरमाइंड से जुड़े नाम के सामने आने और नशीले पदार्थों की आशंका के चलते यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।