बीसी राय ट्रॉफी अंडर-16 फुटबॉल टूर्नामेंटः मेजबान एमपी को 3-0 से हराकर यूपी ने मारी फाइनल में एंट्री

बालाघाट (मप्र)। अखिल भारतीय बीसी राय ट्रॉफी अंडर-16 फुटबॉल टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश की टीम ने मेजबान मध्यप्रदेश को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। बारिश से बाधित इस सेमीफाइनल में पहले हाफ तक दोनों टीमें बिना गोल के बराबरी पर थीं। मगर जैसे ही दूसरा हाफ शुरू हुआ, यूपी के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए तीन गोल दागे और मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया।

Aug 3, 2025 - 13:26
 0
बीसी राय ट्रॉफी अंडर-16 फुटबॉल टूर्नामेंटः मेजबान एमपी को 3-0 से हराकर यूपी ने मारी फाइनल में एंट्री
बीसी राय ट्रॉफी अंडर-16 फुटबॉल टूर्नामेंट में मेजबान एमपी को 3-0 से हराकर फाइनल में पहुंची यूपी टीम के खिलाड़ी खुशी मनाते हुए।

दूसरे हाफ में पंकज, सलमान और भुवन ने दिखाया दम

55वें मिनट में पंकज कुमार ने पहला गोल कर यूपी का खाता खोला। इसके बाद मध्य प्रदेश पर दबाव बढ़ता गया। 62वें मिनट में सलमान ने दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। खेल के अंतिम क्षणों में, 92वें मिनट पर भुवन जोशी ने तीसरा और निर्णायक गोल कर यूपी को 3-0 की निर्णायक बढ़त दिलाई।
मध्य प्रदेश के खिलाड़ी यूपी की रक्षापंक्ति को नहीं भेद सके और बिना गोल किए टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

अब 5 अगस्त को फाइनल, होगा बिहार या असम से मुकाबला

उत्तर प्रदेश की टीम अब 5 अगस्त को फाइनल में असम और बिहार के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से भिड़ेगी। यूपी की यह जीत न सिर्फ प्रशंसकों के लिए खुशी की बात है, बल्कि पूरे प्रदेश के फुटबॉल विकास के लिए एक प्रेरणादायक क्षण है।

कोच इरफान जमां की जीत की हैट्रिक की ओर उम्मीदें

उत्तर प्रदेश अंडर-16 टीम के कोच इरफान जमां खान के मार्गदर्शन में यूपी पहले ही दो बार बीसी राय ट्रॉफी का खिताब जीत चुकी है। एक बार भुवनेश्वर और दूसरी बार पंजाब में। अब यह तीसरा मौका है जब उनकी कोचिंग में टीम फाइनल में पहुंची है। यदि यूपी फाइनल में जीतती है, तो यह कोच जमां खान की तीसरी ट्रॉफी और ‘विजय की हैट्रिक’ होगी।

टीम मैनेजर मिर्जा शमीम बेग का दूसरा विजयी अभियान

टीम मैनेजर मिर्जा शमीम बेग इससे पहले भी उस विजेता टीम का हिस्सा रह चुके हैं जिसने भुवनेश्वर में बीसी राय ट्रॉफी जीती थी। राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ी बेग का मानना है कि इस बार की टीम में दम और समर्पण दोनों है। उनका कहना है कि हमारे खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उम्मीद है कि फाइनल में भी यही लय बरकरार रखेंगे।

दूसरे कोच रामचंद्र भी दे रहे हैं मजबूत साथ

टीम के साथ सहायक कोच रामचंद्र भी मैदान पर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा रहे हैं। उत्तर प्रदेश की टीम का सामूहिक प्रदर्शन अब तक अटूट रहा है। फाइनल में यह एकजुटता निर्णायक साबित हो सकती है।

SP_Singh AURGURU Editor