गुजरात में बड़ा मंत्रीमंडल विस्तार, हर्ष सांघवी बने डिप्टी सीएम, रिवाबा जडेजा को भी जगह
गांधीनगर। गुजरात में आज शुक्रवार (17 अक्तूबर) को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अगुवाई में नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गांधीनगर के महात्मा मंदिर में हुआ। इस दौरान नए मंत्रिमंडल का बड़ा विस्तार हुआ है। हर्ष सांघवी ने गुजरात के नए डिप्टी सीएम के पद की शपथ ली। वहीं जितेंद्र वाघानी और अर्जुन मोढवाडिया ने गांधीनगर में गुजरात कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।
गुजरात की नई कैबिनेट में कुल 25 मंत्रियों को शपथ लेना है, जिसमें छह पुराने चेहरों को नए मंत्रीमंडल में मौका दिया गया है। वहीं जामनगर उत्तर से विधायक रीवाबा जडेजा ने शपथ ली। वह 35 साल की उम्र में मंत्री बनीं हैं। रीवाबा जडेजा क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी हैं। मोरबी से विधायक कांति अमृतिया ने शपथ ली। वह कटु पाटीदार समुदाय का चेहरा हैं, वह छह बार विधायक चुनी गई हैं।
सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी पी.सी. बरंडा ने मंत्री पद की शपथ ली। वह अरावली के भिलोदा से विधायक हैं। कच्छ जिले के अंजार से विधायक त्रिकम छंगा ने मंत्री पद की शपथ ली। वह अहीर समुदाय का चेहरा हैं और कच्छ जिला पंचायत के अध्यक्ष रह चुके हैं। नवसारी के गणदेवी से विधायक नरेश पटेल ने मंत्री पद की शपथ ली। वे पहले भी मंत्री रह चुके हैं। वे अनुसूचित जनजाति से आते हैं। वाव से विधायक स्वरूपजी ठाकोर ने मंत्री पद की शपथ ली। डीसा से विधायक प्रवीण माली ने मंत्री पद की शपथ ली।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के अलावा त्रिकम बिजल छंगा, स्वरूपजी सरदारजी ठाकोर, प्रवीण माली, ऋषिकेश पटेल, पीसी बरंडा, दर्शना वाघेला, कांतिलाल अमृतिया, कुंवरजीभाई बावलिया, रिवाबा जडेजा, अर्जुन मोढवाडिया, डॉ. प्रद्युम्न वाजा, कौशिक वेकारिया, परषोत्तम सोलंकी, जीतेंद्र वाघाणी, रमण सोलंकी, कमलेश पटेल, संजय सिंह महीडा, रमेश कटारा, प्रफुल पानसेरिया, हर्ष संघवी, मनीषा वकील और ईश्वर सिंह पटेल का नाम नए मंत्रियों की लिस्ट में शामिल है। फिलहाल, गुजरात के 9 पुराने मंत्रियों को हटाया गया है, जबकि छह पुराने चेहरों को नए मंत्रिमंडल में जगह दी गई है
मुख्यमंत्री समेत आठ पाटीदार मंत्रियों को जगह मिली है, आठ ओबीसी विधायकों, चार आदिवासी नेताओं, तीन अनुसूचित जाति विधायकों, एक अनाविल ब्राह्मण कनुभाई को जगह मिली है। जैन समुदाय से हर्ष संघवी को जगह मिली है। क्षत्रिय समुदाय से रीवाबा जडेजा को जगह मिली है। हार्दिक पटेल, अल्पेश ठाकोर और दो आंदोलनकारियों को जगह नहीं मिली है।
गुजरात के नए मंत्रिमंडल से राघवजी पटेल, बलवंतसिंह राजपूत, कुबेरभाई डिंडोर, मुलुभाई बेरा, भानुबेन बाबरिया, जगदीश विश्वकर्मा, मुकेश पटेल, भीखूसिंह परमार, कुंवरजीभाई हलपति, बच्चू खाबर को मंत्रिमंडल से हटा दिया गया।
गुजरात में हुए यह मंत्रिमंडल विस्तार 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। इसमें खासतौर से जातीय और क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखा गया है। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, सीएम भूपेंद्र पटेल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा मंत्रिमंडल विस्तार के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे। गौरतलब है कि 16 अक्टूबर को भूपेंद्र पटेल सरकार के सभी 16 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था।