बिहार की स्वर कोकिला शारदा सिन्हा नहीं रहीं
नई दिल्ली। बिहार की स्वर कोकिला शारदा सिन्हा लंबे समय से कैंसर से जूझने के बाद आखिरकार उन्होंने हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। लोक गीत गायिका और खासकर अपने छठ गीतों के लिए दुनिया भर में जानी जानेवालीं शारदार सिन्हा लंबे समय से कैंसर से जंग लड़ रही थीं। दिल्ली एम्स में हॉस्पिटलाइज शारदा सिन्हा की हालत बिगड़ने के बाद वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया था।
इस घटना से ठीक पहले शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमन ने बताया था कि उनकी हालत बिगड़ गई है और उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया है। उन्होंने ये भी कहा था कि उनकी हालत खराब है डॉक्टर्स लगातार कोशिश कर रहे हैं।
शारदा सिन्हा के बेटे ने बताया था कि इस बार ये सच्ची खबर है, मां वेंटिलेटर पर हैं। उन्होंने कहा था, 'मैंने अभी कन्सेंट साइन किया है, प्रार्थना करते रहिए। बहुत बड़ी लड़ाई में मां जा चुकी हैं। मुश्किल है, काफी मुश्किल है, इस बार काफी मुश्किल है।'
अंशुमन ने उन्हें चाहने वालों से विनती की थी और कहा था कि बस यही प्रार्थना कीजिए कि वो इससे लड़कर बाहर आ सकें। उन्होंने कहा था -छठी मां कृपा करें, अभी फिलहाल डॉक्टर्स मिले तो उन्होंने यही कहा है कि अचानक केस बिगड़ा है और सब कोशिश कर रहे हैं।
उनके बेटे अंशुमन ने पिछले दिनों वीडियो शेयर कर मां का हाल खुलकर बताया था। हालांकि, उन्होंने तब कहा था कि मां की हालत ठीक है और वो वेंटिलेटर पर नहीं हैं। उन्होंने तब लोगों को गलत खबरें न फैलाने की रिक्वेस्ट की थी। इसी दौरान उन्होंने मां की बीमारी के बारे में भी बातें की थी।
अंशुमन ने कहा था, 'शारदा जी 2017 से मल्टिपल माइलोमा (ब्लड कैंसर) से लड़ाई लड़ रही हैं। हम परिवार के सभी लोग इस बात को जानते हैं। मां नहीं चाहती थीं कि उनकी पर्सनल तकलीफ को सबके साथ शेयर करने की जरूरत है। मां का कहना था कि मैं अपना काम हमेशा करती रहूंगी और सबको अपना कष्ट बताना उनको पसंद नहीं।' अंशुमन ने बताया था कि मां ने कभी ये प्रेफर नहीं किया कि उन्हें क्या तकलीफ है, क्या बीमारी है, इस बात की चर्चा करते हुए काम करें, ये उनको बिल्कुल पसंद नहीं था।
उन्होंने ये भी बताया था कि ये बीमारी तो उन्हें 2017 से थी लेकिन उनकी हालत बहुत ज्यादा खराब तब हुई है जब पिताजी के देहांत हुआ। इस घटना से उन्हें काफी धक्का लगा, उस शॉक ने उनके मनोबल को तोड़कर रख दिया। बेटे ने कहा था, 'मां जिस गति से चल रही थीं अपने कार्य को ओर, पिता जी के जाने के बाद उसमें एक बहुत बड़ा झटका आया।'
शारदा सिन्हा ने भोजपुरी और मैथिली में काफी सारे लोकगीत गाए। उन्होंने बॉलीवुड में सलमान खान की फिल्म 'मैंने प्यार किया' के भी गाने में अपनी आवाज दी है। संगीत की दुनिया में उनके अहम योगदान के लिए सिंगर को साल 1991 में 'पद्मश्री' और 2018 में 'पद्म भूषण' से सम्मानित किया गया। शारदा सिन्हा हमारे बीच अब भले नहीं रहीं, लेकिन उनकी वो आवाज कभी खत्म नहीं होगी जो छठ के दौरान घाटों पर सुनकर लोग भावविभोर हो उठते हैं। इनकी वो आवाज हमेशा गूंजती रहेगी।