भाजपा ने घोषित किए क्षेत्र और मोर्चा प्रभारी, राम प्रताप पश्चिम व गीता ब्रज की प्रभारी बनाईं गईं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का बड़ा ऐलान किया है। राम प्रताप सिंह चौहान को पश्चिम, गीता शाक्य को ब्रज, शंकर लोधी को कानपुर, दिलीप पटेल को अवध, रमेश सिंह को काशी और अभिजात मिश्रा को गोरखपुर क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा सात मोर्चों के प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं। गोविंद नारायण शुक्ला को मुख्यालय और यतेंद्र शर्मा को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

Aug 8, 2026 - 14:57
Aug 8, 2026 - 19:20
 0
भाजपा ने घोषित किए क्षेत्र और मोर्चा प्रभारी, राम प्रताप पश्चिम व गीता ब्रज की प्रभारी बनाईं गईं
राम प्रताप और गीता शाक्य।

आगरा। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए क्षेत्र प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रभारियों की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रदेश के छह प्रमुख संगठनात्मक क्षेत्रों के लिए प्रभारियों के नामों का ऐलान किया है। इसके साथ ही पार्टी ने सात मोर्चों की जिम्मेदारी भी अलग-अलग नेताओं को सौंपी है। भाजपा की ओर से जारी सूची के अनुसार राम प्रताप सिंह चौहान को पश्चिम क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। गीता शाक्य को ब्रज क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शंकर लोधी कानपुर क्षेत्र के प्रभारी होंगे।

इसी क्रम में दिलीप पटेल को अवध क्षेत्र और रमेश सिंह को काशी क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं अभिजात मिश्रा को गोरखपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों के बेहतर संचालन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में नई जिम्मेदारियां तय की हैं।

सात मोर्चों के प्रभारियों की भी घोषणा

भाजपा ने प्रदेश के सात प्रमुख मोर्चों के प्रभारियों के नाम भी घोषित किए हैं। पार्टी ने युवा, पिछड़ा, अनुसूचित जाति, महिला, अनुसूचित जनजाति, किसान और अल्पसंख्यक मोर्चे की जिम्मेदारी अलग-अलग नेताओं को सौंपी है। राजेश चौधरी को युवा मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। संजय राय पिछड़ा मोर्चा के प्रभारी होंगे। धर्मेंद्र सिंह को अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा और कामेश्वर सिंह को महिला मोर्चा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं प्रियंका रावत को अनुसूचित जनजाति (ST) मोर्चा, शंकर गिरि को किसान मोर्चा और देवेश कोरी को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है।

मुख्यालय और मीडिया की जिम्मेदारी भी तय

संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ भाजपा ने प्रदेश मुख्यालय और मीडिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी तय कर दी है। गोविंद नारायण शुक्ला को पार्टी का मुख्यालय प्रभारी बनाया गया है। वहीं भाजपा प्रदेश मंत्री यतेंद्र शर्मा को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों के बाद प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक कामकाज में और तेजी आएगी। क्षेत्र प्रभारियों के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और पार्टी के कार्यक्रमों की निगरानी को गति मिलेगी। वहीं मोर्चा प्रभारियों के माध्यम से पार्टी की विभिन्न सामाजिक और युवा इकाइयों को सक्रिय करने पर जोर रहेगा। भाजपा की नई टीम के सामने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से जमीन पर उतारने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।